ख़राब सब्जियों व फल-फूल से खाद बनाकर बेचेगा जबलपुर नगर निगम

जबलपुर
शहर की सब्जी मंडी, फूलमंडी सहित बाजार क्षेत्र को गंदगी मुक्त रखने के साथ ही बाजार में फेंकी गई सब्जियों व फल-फूल व पत्तियाें से खाद बनाकर नगर निगम अब कमाई भी करेगा। खराब सब्जियों, फल, फूल व पत्तियों से खाद बनाने के लिए नगर निगम ने शहर के पांच स्थानों पर कंपोस्ट प्लांट स्थापित किए हैं। इनमें से तीन पुराने और दो नए प्लांट शामिल है। काेरोना काल में पुराने प्लांट बंद रहे लेकिन स्वच्छ सर्वेक्षण 2022 के मद्देनजर इन्हें फिर से चालू कर दिया गया है। इन प्लांटों से रोजाना 300 टन से ज्यादा खाद बनाई जा रही है। खाद का उपयोग नगर निगम शहर के उद्यानों में तो करेगा ही नागरिकों को तीन रुपये प्रति किलो के मान से बेचकर कमाई भी करेगा।

होगा तिहरा फायदा: नगर निगम इससे फायदा लेगा। मसलन बाजार से निकले गीले कचरे यानी सब्जियों, फल, फूल, पत्तियों से बनी खाद का उपयोग नगर निगम अपने 50 से ज्यादा उद्यानों को पोषित करने में करेगा। बची हुई खाद नागरिकों को बेचकर कमाई भी करेगा। वहीं स्वच्छ सर्वेक्षण के मानक पूरे कर नंबर भी अर्जित करेगा।

स्वच्छता के मानकों में है शामिल: विदित हो कि स्वच्छ सर्वेक्षण के तय मानकों में गीले और सूखे कचरे का विज्ञानिक तरीके से निष्पादन और उसका उपयोग भी शामिल है। गीले कचरे का उपयोग खाद बनाने के लिए किए जाने पर भी अंक निर्धारित किए गए हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *