दिन में राहत लेकिन रातों को अभी सताएगी ठंड, लुढ़का पारा

 पटना

पिछले दो दिनों से राजधानी समेत राज्यभर में तेज धूप खिलने से लोगों को ठंड से राहत मिली है। दिन की धूप के कारण लोगों को अब दिन में गर्मी महसूस होने लगी है। पटना मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार मौसम शुष्क बना हुआ है। बीते 24 घंटे में पूर्वानुमान के अनुसार मौसम पूरी तरह शुष्क बना रहा। प्रदेश में न्यूनतम तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट देखी गई है। इससे मौसम में गर्मी का अनुभव लोगों ने किया। सबसे कम न्यूनतम तापमान गया में 8.2 डिग्री दर्ज किया गया।

वहीं, राज्य का औसत न्यूनतम तापमान नौ से 11 डिग्री सेल्सियस रहा। सर्वाधिक अधिकतम तापमान फारबिसगंज का रहा। यहां का अधिकतम तापमान 24.2 डिग्री दर्ज किया गया। प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान 21 से 23 डिग्री के बीच रहा। मौसम विभाग के संख्यात्मक मॉडल व उपग्रहीय विश्लेषण के आधार पर पता चलता है कि पछुआ हवाओं का प्रवाह समुद्र तल की सतह से 1.5 किमी ऊपर तक है। गति 8 से 10 किमी प्रति घंटे के आसपास है। इसके प्रभाव से आने वाले दो से तीन दिनों तक मौसम में बदलाव नहीं होगा। मौसम साफ रहेगा। रात के तापमान में भी तीन डिग्री तक क्रमिक वृद्धि का अनुमान है। इससे ठंड में और कमी आने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *