विक्रमोत्सव में ऋचा शर्मा, कैलाश खेर को निमंत्रण

उज्जैन
विक्रमादित्य शोधपीठ के विक्रमोत्सव में इस वर्ष संगीतमय प्रस्तुति देने बालीवुड की प्रसिद्ध गायिका ऋचा शर्मा या कैलाश खेर आ सकते हैं। दोनों को विक्रमादित्य शोधपीठ की ओर से निमंत्रण भेजा जा रहा है। यह जानकारी विक्रमादित्य शोधपीठ के निदेशक श्रीराम तिवारी ने विक्रमोत्सव की तैयारियों के लिए रखी बैठक में दी। बताया कि सात दिवसीय विक्रमोत्सव 25 मार्च से 2 अप्रैल तक होगा। इसमें नाट्य प्रस्तुतियां, सांगीतिक सभाएं, व्याख्यान, शोध संगोष्ठी, चित्र प्रदर्शनी एवं कवि सम्मेलन होंगे। चैत्र शुक्ल प्रतिपदा, 2 अप्रैल से विक्रम संवत 2078-79 की शुरुआत होगी। अभी नाट्य प्रस्तुतियों के लिए गुजराती भवाई लोकनाट्य परंपरा, मणिपुरी लोकनाट्य, संस्कृत नाट्य, महानाट्य विक्रमादित्य, सिंहासन बत्तीसी, वीरवर विक्रम दास्तानगोई, शिवोहम नृत्य नाटिका का मंचन कराना तय किया है। कवि सम्मेलन में प्रसिद्ध कवि हरिओम पंवार, कुमार विश्वास, मनोज मुंतशिर को आमंत्रित किया जाएगा।

सांगीतिक प्रस्तुतियों के लिए ध्रुपद गायक उदयन भवालकर पुणे, ऋचा शर्मा और कैलाश खेर को आमंत्रित जाएगा। विक्रम वैदिक घड़ी का प्रवर्तन टावर पर करने, विक्रम पंचांग काउंटर की स्थापना महाकालेश्वर मंदिर परिसर में करने, मूर्तिकला वर्कशाप, सम्राट विक्रमादित्य अलंकरण, पुस्तकों के विमोचन, वेद अंताक्षरी कराने की की जानकारी भी दी गई। बैठक की अध्यक्षता उच्च शिक्षा मंत्री डा. मोहन यादव ने की। विधायक पारस जैन, कलेक्टर आशीष सिंह, पुलिस अधीक्षक सत्येंद्रकुमार शुक्ल, भाजपा नगर अध्यक्ष विवेक जोशी, जगदीश अग्रवाल, रूप पमानानी, राजेशसिंह कुशवाह, संजय अग्रवाल, सुरेंद्र अरोरा, जगदीश पांचाल, विक्रम विवि के कुलसचिव डा. प्रशांत पौराणिक, कालिदास संस्कृत अकादमी के प्रभारी निदेशक डा. संतोष पंड्या, डा. रमण सोलंकी आदि गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *