इंदौर प्रशासन ने राधा स्वामी कोविड केयर सेंटर को खली करना शुरू किया
इंदौर
कोरोना का दंश झेल रहे शहरवासियों के लिए राहतभरी खबर है कि कोरोना संक्रमितों के लिए तैयार किया गया राधा स्वामी कोविड केयर सेंटर खाली हो गया है। फिलहाल वहां एक भी मरीज भर्ती नहीं है। जिला प्रशासन ने वहां से सामान हटाना शुरू कर दिया है। जिले के अन्य कोविड केयर सेंटरों में भी मरीज भर्ती नहीं हैं।
गौरतलब है कि जिले में कोरोना के मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए खंडवा रोड पर राधा स्वामी कोविड केयर सेंटर सहित अन्य कोविड केयर सेंटर तैयार किए गए थे ताकि जरूरत के मुताबिक मरीजों को यहां रखा जा सके। कोरोना की दूसरी लहर में हालत यह थी कि राधा स्वामी कोविड केयर सेंटर में मरीजों को रखने के लिए जगह नहीं मिल रही थी।
दूसरी लहर खत्म होने के बाद इसे बंद कर दिया गया था लेकिन तीसरी लहर के दस्तक देते ही 650 बिस्तरों वाला सेंटर शुरू कर दिया गया। हालांकि तीसरी लहर में एक भी दिन यह सेंटर पूरी तरह से नहीं भर सका। तीसरी लहर कमजोर होने के बाद एक बार फिर यहां मरीजों की संख्या कम होने लगी।
फिलहाल हालत यह है कि एक भी मरीज भर्ती नहीं है। इसके चलते अब इस सेंटर को धीरे-धीरे बंद करने का निर्णय ले लिया गया है। जिला प्रशासन ने यहां से सामान हटाना भी शुरू कर दिया है। सीएमएचओ डा.बीएस सैत्या के मुताबिक फिलहाल कोविड केयर सेंटर में 650 बिस्तर हैं। इन्हें घटाकर 100 किया जा रहा है। आने वाले समय में इन्हें भी हटा लिया जाएगा। शुक्रवार से कोविड केयर सेंटर को खाली करना शुरू कर दिया गया है।
