अंडर-19 टीम के कप्तान यश धुल को दिल्ली रणजी टीम में मिली जगह, इशांत चयन के लिए अनुपलब्ध

 नई दिल्ली

भारत की अंडर-19 विश्व कप की विजेता टीम के कप्तान यश धुल को बुधवार को रणजी ट्रॉफी के लिए दिल्ली टीम में शामिल किया गया तो वहीं भारत के अनुभवी तेज गेंदबाज इशांत शर्मा ने  17 फरवरी से शुरू होने वाले इस टूर्नामेंट के लिए  खुद को चयन के लिए अनुपलब्ध करार दिया है।

 
वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे वनडे के दौरान बुधवार को अहमदाबाद में धुल की अगुवाई वाली भारत अंडर -19 टीम को बीसीसीआई ने सम्मानित किया। धुल भारतीय टीम की सीमित ओवरों की प्रतिबद्धताओं के कारण अंडर -19 स्तर पर लाल गेंद से घरेलू टूर्नामेंट नहीं खेल सके थे। ऐसे में धुल को प्रथम श्रेणी की मुश्किल चुनौती का सामना करना पडेगा।

दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ (डीडीसीए) के एक चयनकर्ता ने पीटीआई-भाषा से कहा, '' उनका आत्मविश्वास बढ़ा हुआ है भले ही उन्होंने लाल गेंद के बहुत सारे मैच नहीं खेले हैं लेकिन हम चाहते हैं कि उन्हें प्रथम श्रेणी क्रिकेट का अनुभव मिले।''

भारतीय टीम में अपने भविष्य को लेकर अनिश्चितता के बीच अनुभवी तेज गेंदबाज इशांत ने डीडीसीए अध्यक्ष रोहन जेटली को बताया कि वह राज्य टीम के लिए चयन के लिए उपलब्ध नहीं हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *