सागर में पीसीसी चीफ की बड़ी सभा की तैयारी

भोपाल
कांग्रेस बुंदेलखंड में जनाधार बढ़ाने को लेकर 16 फरवरी से शुरुआत करने जा रही है। रविदास जयंती पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ बुंदेलखंड में बड़ी सभा करने की तैयारी में हैं। सूत्रों की मानी जाए तो केन-बेतवा लिंक परियोजना को स्वीकृति मिलने से कांग्रेस के रणनीतिकारों को यह संदेश गया है कि इस प्रोजेक्ट का फायदा भाजपा को मिल सकता है। ऐसे में उसका यह क्षेत्र और कमजोर हो सकता है। कांग्रेस आगामी चुनाव में ऐसा कोई रिस्क नहीं लेना चाहती है, इसलिए वह इस क्षेत्र के लोगों में अपनी पैठ बनाने के लिए अभी से सक्रिय होने का प्लान बना रही है। इसकी शुरूआत रविदास जयंती से होगी। सागर में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ की बड़ी सभा की तैयारी की जा रही है। इस तैयारी में सागर जिला कांग्रेस के अलावा बुंदेलखंड से आने वाले कांग्रेस के प्रदेश पदाधिकारी भी अपनी पूरी ताकत लगाकर इस आयोजन को बड़ा बनाने का प्रयास करेंगे। पूर्व मंत्री हर्ष यादव, प्रकाश जैन सहित विधायक तरवर सिंह लोधी, पूर्व सांसद नंदलाल चौधरी, पारुल साहू , अरुणोदय चौबे को आयोजन को लेकर जिम्मेदारी दी जाएंगी।

यह है अभी की स्थिति
बुंदेलखंड में कुल 26 विधानसभा क्षेत्र हैं। इनमें से कांग्रेस के पास महज 7  विधायक ही है। जबकि केन और बेतवा नदी के इस प्रोजेक्ट से क्षेत्र के अधिकांश हिस्से को फायदा होगा। जिसका वोटों पर असर हो सकता है। इस प्रोजेक्ट का फायदा बुंदेलखंड से सटे विदिशा जिले को भी होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *