सपा का प्रचार करने लखनऊ पहुंचीं ममता बनर्जी, अखिलेश ने किया वेलकम

लखनऊ। पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के मैदान में मंगलवार को दस्तक दी। भले ही उनकी पार्टी तृणमूल कांग्रेस यूपी चुनाव  में नहीं उतरी है। उन्होंने समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव के समर्थन में उतरने का निर्णय लिया। ममता बनर्जी ने प्रेस कांफ्रेंस कर भारतीय जनता पार्टी और प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधा। अखिलेश के साथ संयुक्त प्रेस कांफ्रेंस में ममता ने कहा कि यूपी से योगी जी को जाने दो, अगर वह आ जाएगा तो आपलोगों को पूरा खा जाएगा।

ममता बनर्जी ने कहा कि अगर एक बार फिर योगी जी आ जाएगा तो आपलोगों को पूरा खा जाएगा। योगी जी को राजनीति, अर्थनीति कुछ नहीं आता है। इसलिए उन्हें जाने दीजिए। कोरोना काल का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि जिस गंगा मैया की हम सब पूजा करते हैं, कोरोना काल में उसमें लाशें बहाई गई। बंगाल में गंगा नदी में उत्तर प्रदेश के लोगों की लाश मिली। हमने उन लाशों का उचित अंतिम संस्कार कराया। उस समय आप लोग कहां थे। कोविड में लोग मर रहे थे, उस समय कहां थे? ममता बनर्जी को हराने के लिए बंगाल में रैली कर रहे थे। उन्हें माफी मांगनी चाहिए।

पीएम पर बोला करारा हमला
ममता बनर्जी ने प्रेस कांफ्रेंस में पीएम नरेंद्र मोदी पर भी करारा हमला बोला। उन्होंने कहा कि हर योजना में नरेंद्र मोदी कहते हैं कि हमने किया, हमने किया? क्या वह अपने पॉकेट से इसके लिए राशि देते हैं? जनता का रुपये से योजनाएं चलते हैं। टैक्स जनता से लेते हैं। 40 फीसदी राज्यों को देते हैं और 60 फीसदी अपने पास रखते हैं। यह स्टेट की राशि है। यह जनता का रुपया है। जनता का रुपया लिया और उसे दे दिया। इसमें उनका क्या है?

पीएम केयर फंड पर कसा तंज
ममता बनर्जी ने यूपी में योगी सरकार की ओर से निवेश के मामलों पर भी करारा हमला बोला। उन्होंने कहा कि योगी कहते हैं, 4 लाख करोड़ रुपये का निवेश हुआ। अगर निवेश हुआ तो रुपया कहां गया? क्या पीएम केयर फंड में डाल दिया। तंज कसते हुए ममता ने कहा कि उसका तो ऑडिट भी नहीं हो सकता है। अगर निवेश हुआ तो इसकी जानकारी तो मिल सकती है। हमने चीफ मिनिस्टर फंड से गरीब लोगों को पैसे दिए तो सीबीआई भेज दी गई। लेकिन, पीएम केयर फंड पर कोई जांच नहीं हो सकती है।

बंगाल चुनाव को किया याद
ममता बनर्जी ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दौरान यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ के दौरों को याद किया। उन्होंने कहा कि अपने राज्य में कोविड की स्थिति को नियंत्रित करने की जगह तब वे बंगाल में कैंप कर रहे थे। आज उस कोविड काल में मरे लोगों के परिजन उनसे सवाल करेंगे। आखिर उन्होंने तब उनके लिए कुछ क्यों नहीं किया। ममता ने सीएए-एनआरसी के मुद्दे को भी अखिलेश के मंच से उठाया। अब इन मामलों को लेकर राजनीति गरमानी शुरू हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *