बाराती गाड़ी की एक्सीडेंट, 3 की मौत

जगदलपुर
सोमवार तड़के बारातियों से भरी गाड़ी अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई। हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि 7 की हालत गंभीर है। पुलिस ने सभी घायलों को डिमरापाल मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है। सभी लोग शादी के बाद दुल्हन की विदाई करा लौट रहे थे। वर-वधु दोनों दूसरे वाहन में सवार थे। ड्राइवर को झपकी आने से हादसा होने की आशंका जताई जा रही है। हादसा पखनार पुलिस चौकी क्षेत्र में हुआ है।

जानकारी के मुताबिक, देउरगांव में शादी थी। वहां रात करीब 2 बजे कार्यक्रम खत्म हुआ तो दुल्हन की विदाई करा सभी बाराती चंद्रगिरी लौट रहे थे। एक मैक्स वाहन में 10 लोग सवार थे, जबकि दूसरी कार में वर-वधु व अन्य लोग बैठे थे। अभी वे तड़के करीब 4 बजे कोयपाल मोड़ के पास पहुंचे थे कि मैक्स के चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया और वह सड़क किनारे लगे पेड़ से जा टकराई। हादसा इतना जबरदस्त था कि मैक्स वाहन के परखच्चे उड़ गए।

हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और रेक्स्यू आॅपरेशन शुरू किया। इस दौरान लोग मैक्स के अंदर फंसे हुए थे। किसी तरह उन्हें बाहर निकाला गया। इस दौरान दो युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। जबकि एक की अस्पताल ले जाने के दौरान मौत हो गई। मृतकों में विनोद कश्यप (26) और शंकर कश्यप (23) शामिल हैं। तीसरे की जानकारी नहीं मिल पाई है। वहीं घायलों में संतुराम, घनश्याम, रितेश, लूदरु, सुखमन और लोकेश शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *