पाकिस्तानी सेना ने बलूचिस्तान में चलाया अभियान, 20 आतंकियों के मारे जाने का दावा
इस्लामाबाद
पाकिस्तानी सेना ने इस सप्ताह की शुरुआत में अशांत बलूचिस्तान प्रांत में सुरक्षाबलों के शिविरों पर हमला करने वाले आतंकवादियों के खिलाफ अभियान शुरू किया है। सेना ने कहा कि इस अभियान में 20 आतंकवादी मारे गए है और यह अभियान सफलतापूर्वक पूरा हो गया है। सेना ने बताया कि आतंकवादियों ने बुधवार को नौशकी और पंजगुर इलाकों में सेना के शिविरों पर हमला किया था, लेकिन सुरक्षाबलों ने तेजी से कार्रवाई की और उन्हें सफलापूर्वक खदेड़ दिया। सेना की मीडिया मामलों की शाखा ने बयान में कहा कि अभियान के दौरान हुई झड़पों में 9 सैनिक और 20 आतंकवादी मारे गए।
BLA का दावा- 170 पाकस्तिानी सैनिकों को मार गिराया
बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (BLA) ने शुक्रवार को दावा किया था कि उसने बलूचिस्तान में दो अलग-अलग हमलों के दौरान लगभग 170 पाकस्तिानी सैनिकों को मार गिराया है। बीएलए ने कहा कि उसने बुधवार को पंजगुर इलाके के फ्रंटियर कोर कैंप को निशाना बनाया, जो अब भी उसके नियंत्रण में है। BLA ने कहा, ह्लमजीद ब्रिगेड के फिदायीनों ने पंजगुर में आर्मी कैंप को निशाना बनाया और इसे अपने नियंत्रण में ले लिया। दुश्मन का शिविर अभी भी फिदायीनों के नियंत्रण में है। BLA ने पाकिस्तानी सेना पर पंजगुर के नागरिकों के अपहरण और हत्या का भी आरोप लगाया। इससे पहले मजीद ब्रिगेड की एक अन्य इकाई ने 20 घंटे तक नुश्की में सैन्य मुख्यालय को निशाना बनाया और कब्जा कर लिया, जिसमें अधिकारियों सहित लगभग 100 सैन्यकर्मियों की मौत हो गई।
साल 2021 में BLA ने कम से कम 10 हमले किए थे
BLA गुरिल्ला हमले करने के लिए जानी जाती है। साल 2021 में BLA कम से 10 हमले किए थे। साल 2020 के एक हमले में BLA ने पाकिस्तान के 16 जवानों को मार डाला था। BLA बलूचिस्तान के क्षेत्र में अधिक सक्रिय है लेकिन पाकिस्तान के अन्य प्रदेशों में भी उसकी गतिविधि रही है। BLA आधिकारिक तौर पर साल 2000 में बना है लेकिन साल 1973 से पहले से ही आज़ाद बलूचिस्तान की लड़ाई में शामिल रहा है। पाकिस्तान, भारत और अफगानिस्तान पर BLA को सपोर्ट करने का आरोप लगाता रहा है जिसका दोनों देश विरोध करते रहे हैं।
