प्रदेश में सबसे अधिक कोरोना केस 1757 राजधानी में , दो मौतें ग्वालियर
भोपाल
प्रदेश में बढ़ते कोरोना संक्रमण के बीच इंदौर से राहत भरी खबर है। यहां एक दिन में करीब 600 केस की कमी आई है। यहां 1197 संक्रमित मिले हैं और एक मौत रिपोर्ट हुई है, जबकि एक दिन पहले इंदौर में सबसे ज्यादा 6 लोगों की मौत हुई थी। साथ ही 1784 नए केस आए थे। प्रदेश में रविवार को सबसे ज्यादा केस भोपाल में 1757 आए। सबसे ज्यादा दो मौतें ग्वालियर में हुईं व 162 केस भी आए हैं। रतलाम में 119 और सागर में 115 नए केस आए हैं।
इंदौर में एक ही दिन में संक्रमण दर में 4% से अधिक की कमी
इंदौर में कोरोना संक्रमितों का ट्रेंड 24 घंटे में फिर बदला है। रविवार को 1197 नए संक्रमित मिले हैं, जबकि शनिवार को 1784 मिले थे। इसके साथ ही शनिवार को संक्रमण दर जो 17.10% थी, वो घटकर 11.57% हो गई। शनिवार को 6 मौतें हुई थीं, जबकि रविवार को एक ही मौत हुई है। खास बात यह कि सैंपलिंग रोज की तरह 10 से 11 हजार के बीच ही हो रही है। एक हफ्ते से घटते-बढ़ते संक्रमितों की संख्या से एक्सपर्ट भी पसोपेश में हैं कि तीसरी लहर का पीक आ चुका है या अब फरवरी में आएगा।
ग्वालियर में तेजी से घट रही संख्या
ग्वालियर में 24 घंटे में 162 नए संक्रमित मिले हैं। 100 के लगभग अन्य शहरों के संक्रमितों की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। साथ ही 17 संक्रमित रिपीट पॉजिटिव निकले हैं, वहीं दो लोगों की मौत भी हुई है। इनमें एक की उम्र 99 साल तो दूसरे की उम्र 84 साल थी। दोनों के बारे में यही पता लगा है कि दोनों हाई ब्लड प्रेशर और शुगर के मरीज थे। एक दिन पहले ग्वालियर में 228 मरीज आए थे, जबकि 76 मरीज दूसरे जिलों थे।
एक दिन पहले प्रदेश में तीसरी लहर में सबसे ज्यादा मौतें हुई थीं
शनिवार को पूरे प्रदेश में कोरोना से 9 मौतें हुई थीं, तीसरी लहर में यह मौतों का अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा था। इंदौर में 6 मौतों के अलावा रतलाम में भी एक शख्स की मौत रिपोर्ट हुई थी, जबकि 120 नए मरीज भी मिले। उधर भोपाल में 1936 और जबलपुर में 660 नए संक्रमित मिले थे। सागर में 115 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी।
