मुख्यमंत्री चौहान ने स्व. नारायण सिंह चौधरी को दी श्रद्धांजलि

भोपाल
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सपत्नीक रविवार को होशंगाबाद के ग्राम चांदोन में प्रदेश अध्यक्ष किसान मोर्चा दर्शन सिंह चौधरी के निवास पहुँचे। मुख्यमंत्री ने यहाँ स्व. नारायण सिंह चौधरी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और परिजन से भेंट कर शोक-संवेदनाएँ भी व्यक्त की। इस दौरान विधायक और जन-प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री चौहान ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए यज्ञ में आहुति भी दी। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि जीवन में आकर उसे सार्थक बनाना ही सफल जीवन कहलाता है। स्व. चौधरी ने सार्थक, सात्विक एवं यशस्वी जीवन जीया है। सरल, सहज, सेवाभावी चौधरी के रोम-रोम में भारतीय हिंदुत्व परंपरा के संस्कार रमे हुए थे। उन्होंने कहा कि शरीर क्षणभंगुर नाशवान है। लेकिन शरीर के समाप्त होने के बाद आत्मा समाप्त नहीं होती, आत्मा अजर, अमर और अविनाशी हैं। मनुष्य सद्कर्म और समाज की सेवा कर अपने जीवन को सार्थक बनाएँ।

मुख्यमंत्री चौहान ने समाज के उत्थान से संबंधित गतिविधियों के संचालन के लिए भवन का शिलान्यास भी किया। साथ ही भवन निर्माण के लिए 10 लाख रुपये देने की घोषणा भी की।

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि आगामी माह को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में पिछले वर्ष की राशि किसानों के खातों में अंतरित की जाएगी। किसानों के कल्याण के लिए कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। उन्होंने कहा कि दूधी नदी डैम में आ रही तकनीकी समस्या का सर्वे कर शीघ्र दूर करने के निर्देश दिए गए हैं। इस बार अनुकूल मौसम और अन्य व्यवस्थाओं के चलते प्रदेश में गेहूँ और चने की फसल अच्छी हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *