बगावत के मूड में बीजेपी विधायक संत प्रसाद, नेतृत्व को दिया अल्टीमेटम, कहा- तीन दिन करुंगा इंतजार फिर….

 सिकरीगंज

भाजपा से टिकट न मिलने पर गोरखपुर के खजनी (सुरक्षित) विधानसभा क्षेत्र से वर्तमान विधायक संत प्रसाद नाराज हैं। ‘हिन्दुस्तान’ से उन्होंने कहा कि, ‘भाजपा ने उन्हें टिकट नहीं दिया, इसका अफसोस नहीं है लेकिन पार्टी हमें कहीं पर तो स्थापित करे। अगर सोमवार तक पार्टी कोई फैसला नहीं लेती है तो मंगलवार को निर्दलीय चुनाव लड़ने की घोषणा करूंगा।’

खजनी विधानसभा से वर्तमान भाजपा विधायक संत प्रसाद तीन बार विधायक रह चुके हैं। लेकिन इस बार पार्टी ने उनके स्थान पर धनघटा विधानसभा से विधायक एवं सरकार में मंत्री श्रीराम चौहान को अपना प्रत्याशी घोषित किया है। इसके बाद ही विधायक संत प्रसाद एवं उनके समर्थकों में रोष व्याप्त है।

इसके पूर्व शुक्रवार को संत प्रसाद ने टिकट कटने पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि पार्टी के निर्णय का स्वागत करते हैं लेकिन कार्यकर्ता जैसा निर्णय लेंगे वैसा करेंगे। उन्होंने खजनी से टिकट पाए श्रीराम चौहान पर भी सवाल खड़े किए। फिलहाल शुक्रवार की शाम भी उनके समर्थकों ने उनके आवास पर रोष व्यक्त करते हुए नारेबाजी की थी। शनिवार को भी यह सिलसिला जारी रहा। सुबह से ही उनके पैतृक आवास पर समर्थक जमे हुए हैं। समर्थकों ने पार्टी से प्रत्याशी बदलने की मांग की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *