शहीदों के सम्मान में 2 मिनट जो जहां था वहीं मौन रहकर दी श्रद्धांजलि
भोपाल
महात्मा गांधी की पुण्य तिथि पर मध्यप्रदेश ने स्वतंत्रता आंदोलन के शहीदों को श्रद्धांजलि दी। देश को स्वतंत्र कराने वाले वीर शहीदों की स्मृति में रविवार को सुबह 11 बजे 2 मिनट का मौन रखकर प्रदेश भर में एक साथ श्रद्धांजलि दी गई। सुबह 10.59 बजे से 11 बजे तक सायरन बजाकर मौन रखने की सूचना दी गई। इसके बाद जो व्यक्ति जहां था, वहीं दो मिनट मौन रखकर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
मोदी ने राजघाट जाकर किया महात्मा गांधी को नमन
उधर, शहीद दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी। प्रधानमंत्री सुबह 11 बजे राजघाट पहुंचे यहां उन्होंने बापू को श्रद्धा सुमन अर्पित किए। इसके बाद मन की बात में पीएम मोदी ने कहा आज हम फिर ऐसी चर्चाओं को आगे बढ़ाएंगे, जो हमारे देश और देशवासियों की सकारात्मक प्रेरणाओं और सामूहिक प्रयासों से जुड़ी होती हैं। आज हमारे पूज्य बापू महात्मा गांधी की पुण्यतिथि भी है। 30 जनवरी का ये दिन हमें बापू की शिक्षाओं की याद दिलाता है। दूसरी ओर कांग्रेस के पूर्व राष्टÑीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने भी महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने ट्वीट किया है कि गांधी को हिन्दुत्ववादियों ने गोली मारी थी। सब हिंदुत्ववादियों को लगता है कि गांधी नहीं रहे। जहां सत्य है, वहां आज भी बापू जिंदा हैं।
