युकां को अपने सदस्यों से ज्यादा पार्टी सदस्य बनाने का मिला टारगेट

भोपाल
युवा कांग्रेस को अब हर विधानसभा में कम से कम दो हजार युवाओं को पार्टी की सदस्यता दिलाना होगी। यह टारगेट हर विधानसभा अध्यक्ष को दिया गया है। खासबात यह है कि युवा कांग्रेस के प्रदेश में कुल इतने सदस्य ही नहीं है जितने का उन्हें नए सदस्य बनाने का टारगेट एआईसीसी ने दिया है।

युवा कांग्रेस को फिलहाल कांग्रेस पार्टी के सदस्य बढ़ाने का टारगेट दिया गया है। टारगेट के अनुसार कांग्रेस को 4 लाख 60 हजार नए युवाओं को कांग्रेस की सदस्यता दिलाना होगी। यह टागरेट उसे महज एक महीने यानी फरवरी में ही पूरा करना होगा। इधर युवा कांग्रेस के खुद के सदस्यों की संख्या तीन लाख के करीब है। यह संख्या भी युवा कांग्रेस के दो बार चले सदस्यता अभियान के बाद पहुंची है। इसमें से भी उसके एक्टिव सदस्यों की संख्या एक लाख तक ही समिति हो चुकी है। युवा कांग्रेस के चुनाव में सवा लाख सदस्यों ने वोट डाले थे,बाकी के करीब पौने दो लाख युवाओं ने संगठन के चुनाव में रुचि ही नहीं दिखाई थी। एआईसीसी से मिले टागरेट के बाद यह साफ हो गया है कि प्रदेश में युवा कांग्रेस के जितने सदस्य नहीं हैं, उससे ज्यादा उसे कांग्रेस के लिए सदस्य बनाना है। यदि सदस्य विधानसभा क्षेत्र या जिले में टारगेट अनुसार नहीं बने तो अध्यक्षों पर संगठन की ओर से एक्शन लिया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *