मजीठिया को चैलैंज करते हुए सिद्धू ने कहा कि वह केवल इसी सीट से चुनाव लड़कर दिखाएं

अमृतसर। पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू ने पार्टी की गुटबाजी पर बड़ा बयान दिया। सिद्धू ने कहा कि कांग्रेस को कोई नहीं हरा सकता, सिवाय खुद के। वहीं अमृतसर पूर्व सीट से अपने प्रतिद्वंद्वी बिक्रम सिंह मजीठिया पर निशाना साधते हुए सिद्धू ने कहा कि वह पर्चा माफिया है। उन्होंने मजीठिया को चैलैंज करते हुए कहा कि वह केवल इसी सीट से चुनाव लड़कर दिखाएं। गौरतलब है कि मजीठिया दो सीटों से चुनाव लड़ रहे हैं।

मजीठिया पर हमला बोलते हुए सिद्धू ने कहा, 'वह पर्चा माफिया है। उसने कई लोगों के खिलाफ केस फाइल किए। मैंने किसी के खिलाफ एक भी केस नहीं दर्ज कराया। सब जानते हैं कि कांग्रेस मजबूत और सुरक्षित सरकार देगी। हम नया पंजाब बनाएंगे।' वहीं पार्टी के अंदर गुटबाजी को लेकर सिद्धू ने कहा, 'कांग्रेस को कोई हरा नहीं सकता है। कांग्रेस सिर्फ खुद को हरा सकती है।'

सिद्धू का मजीठिया को चैलेंज
सिद्धू ने शनिवार को अमृतसर पूर्व सीट से नामांकन दाखिल किया। सिद्धू ने शनिवार को भी मीडिया से बातचीत में मजीठिया पर निशाना साधा था। सिद्धू ने कहा था, 'अगर आप (मजीठिया) में इतना दम है, और लोगों पर विश्वास है तो मजीठा को छोड़कर केवल यहां एक सीट से चुनाव लड़ें। क्या आप में हिम्मत है?'

सिद्धू का अकाली दल पर निशाना
मजीठिया को उनके निर्वाचन क्षेत्र से मैदान में उतारने वाले अकालियों पर निशाना साधते हुए सिद्धू ने कहा था, 'वे केवल लूट का खेल खेलने आए हैं। लेकिन इस 'धर्म युद्ध' में वे सफल नहीं होंगे क्योंकि जहां 'धर्म' है वहां जीत है।’ अकाली दल पर पंजाब को लूटने का आरोप लगाते हुए सिद्धू ने कहा, 'यतो धर्मस्ततो जयः (जहां धर्म है वहां जीत है)।' पंजाब विधानसभा की 117 सीटों के लिए 20 फरवरी को मतदान होगा और मतगणना 10 मार्च को होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *