गन्ना भुगतान में देरी हुई तो ब्याज के साथ मिलेगा पैसा, यूपी में किसानों से अमित शाह का बड़ा वादा

सहारनपुर

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को वादा किया कि अगर उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार दोबारा सत्ता में आती है तो गन्ने के भुगतान में देरी पर किसानों को ब्याज का भुगतान किया जाएगा। सहारनपुर में मतदाताओं को संबोधित करते हुए भाजपा के वरिष्ठ नेता अमित शाह ने कहा, कुछ किसानों ने मुझसे कहा कि गन्ने के भुगतान में देरी हो रही है। देरी के लिए उस मिल से वसूली की जाएगी और किसानों को गन्ने का भुगतान ब्याज सहित किया जाएगा।

अमित शाह ने किसानों के मुद्दे पर समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव पर भी निशाना साधते हुए कहा कि राज्य में 42 चीनी मिलें हैं, जिनमें से 21 मिलों को सपा और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने बंद कर दी है। उन्होंने आगे दावा किया कि पहले सपा शासन के दौरान बिजली लगातार नहीं आती थी लेकिन भाजपा सरकार ने शहरों में 24×7 और गांवों में लगभग 22 घंटे बिजली देने का काम किया है।

शाह ने सपा पर हमला करते हुए कहा "सबसे ज्यादा टीकाकरण उत्तर प्रदेश में हुआ, आपने खुद ली गई वैक्सीन के बारे में लोगों को गुमराह किया। आप हर चीज में मोदी देखते हैं, आप अपने घर में सब्जियों में भी मोदी को देखते हो। हमारी सरकार के तहत, खाद्य योजना लोगों को भोजन उपलब्ध कराने का काम किया जा रहा है। आपकी सरकार ने क्या किया? खाद्यान्न गोरखपुर के रास्ते सीधे नेपाल भेजा गया।"

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *