बिहार में टूटा महागठबंधन, RJD ने कांग्रेस को झटका दे सभी सीटों पर उतारे प्रत्याशी, तेजस्वी बोले- केवल दिल्ली में दोस्ती
पटना
बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव ने कहा कि बिहार में विधान परिषद सदस्य के चुनाव को लेकर कांग्रेस से समझौता नहीं हुआ है और राजद ने सभी 24 उम्मीदवार तय कर दिए हैं। नई दिल्ली में मीडिया से बातचीत में तेजस्वी ने कहा कि राजद ने सिर्फ केंद्र की राजनीति में कांग्रेस को समर्थन दे रखा है।
तेजस्वी यादव ने शनिवार को कहा कि बिहार में विधान परिषद की 24 सीटों के लिए होने वाले चुनाव को लेकर पार्टी की ओर से प्रत्याशी की घोषणा कर दी गयी है और सभी प्रत्याशी चुनाव प्रचार में जुटे हुए हैं, मतदाताओं से संपर्क कर रहे हैं। इस चुनाव में कांग्रेस से तालमेल का कोई सवाल ही नहीं है। इस संबंध में वाम दलों से बातचीत हो गयी है।
तेजस्वी ने कहा कि सब लोगों ने देखा है कि बिहार में विधानसभा की दो सीटों पर उपचुनाव में क्या हुआ। हमने कांग्रेस से कहा था कि उपचुनाव व एमएलसी चुनाव पर एक साथ बात कर ली जाए। लेकिन उधर से क्या हुआ ये सब लोगों ने देखा। अब राजद ने फैसला कर लिया है कि एमएलसी चुनाव वाम पार्टियों के साथ मिलकर लड़ेंगे।
