रोजगार के लिए केवल नौकरी पर कदापि निर्भर न रहें, रोजगार का प्रारंभ कर समाज में अपना महत्वपूर्ण स्थान बनाये – पद्मश्री फूलबासन
राजनांदगांव
शासकीय दिग्विजय स्वशासी स्नातकोत्तर महाविद्यालय में महिला प्रकोष्ठ के तत्वावधान द्वारा प्राचार्य डॉ. के.एल.टांडेकर के मार्गदर्शन में वर्चुअल एवं यूट्यूब लाइव द्वारा महिला उद्यमिता जागरूकता हेतु व्याख्यान कार्यक्रम का आयोजित किया गया। जिसमें मुख्य वक्ता के रूप में पद्मश्री फूलबासन यादव द्वारा ग्रामीण उद्यमिता के क्षेत्र में महिलाओं को रोजगार विषय पर अपना व्याख्यान दिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि रोजगार के लिए केवल नौकरी पर कदापि निर्भर न रहें अपितु अपने रोजगार का प्रारंभ कर समाज में अपना महत्वपूर्ण स्थान बनाये।
कार्यक्रम के प्रारंभ में अपने प्रास्ताविक उद्बोधन में महिला प्रकोष्ठ की संयोजिका डॉ. मीना प्रसाद ने कार्यक्रम के उद्देश्य एवं कार्यक्रम की प्रासंगिकता प्रस्तुत की गयी। पद्मश्री फूलबासन यादव द्वारा अपने उद्बोधन में कहा कि विद्यार्थियों विशेष कर बालिकाओं को आर्थिक एवं सामाजिक रूप से सशक्त होना आवश्यक है। रोजगार हेतु केवल नौकरी पर कदापि निर्भर न रहें अपितु अपने रोजगार का प्रारंभ कर समाज में अपना महत्वपूर्ण स्थान बनाये। इस हेतु किसी भी प्रकार के प्रशिक्षण हेतु उनकी संस्था सदैव तत्पर रहती है तथा सहायता प्रदान करती है जिसका महाविद्यालय के विद्यार्थी लाभ ले सकते हैं। कार्यक्रम का संपूर्ण समन्वयन महिला प्रकोष्ठ की संयोजिका डॉ. मीना प्रसाद द्वारा किया गया एवं संचालन डॉ. दिव्या देशपाण्डे ने किया। आभार प्रदर्शन डॉ. प्रीति बाला टांक ने किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में महाविद्यालय के छात्र-छात्रा एवं अधिकारी/कर्मचारी आॅनलाइन मोड से जुड़े।
