कृषि मंत्री ने किया एफएम रेडियो स्टेशन रेडियो संगवारी का शुभारंभ

राजनांदगांव
छत्तीसगढ़ शासन के संसदीय कार्य, कृषि विकास एवं किसान कल्याण तथा जैव प्रौद्योगिकी, पशुधन विकास, मछलीपालन, जल संसाधन एवं आयाकट विभाग मंत्री रविन्द्र चौबे ने सृष्टि कॉलोनी में एफएम रेडियो स्टेशन रेडियो संगवारी का शुभारंभ किया।

चौबे ने रेडियो संगवारी के तकनीकी रूम की कार्यप्रणाली को समझा इसके पश्चात उन्होंने रूम में रेडियो संगवारी को पहला साक्षात्कार दिया। कृषि मंत्री चौबे ने कहा कि इस एफएम रेडियो के माध्यम से जनसामान्य को सूचनाएं प्राप्त होते रहेंगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री  भूपेश बघेल ने सुराजी गांव योजना प्रारंभ की तथा गढ़बो नवा छत्तीसगढ़ की भावना के अनुरूप नरवा योजना के तहत जल संरक्षण, गरवा योजना के अंतर्गत पशुधन संरक्षण एवं संवर्धन, घुरवा योजना अंतर्गत जैविक खेती तथा पारंपरिक बाड़ी को बढ़ावा देते हुए सुपोषण की दिशा में आगे कदम बढ़ाएं है। सुराजी गांव योजना शासन की महती योजना है।

उन्होंने बताया कि गौठान के माध्यम से रोजगार के अवसर बढ़े हैं और गौ माता की सेवा हो रही है। प्रदेश में 11 हजार से अधिक ग्राम पंचायते हैं। इन सभी ग्राम पंचायतों में गौठान प्रारंभ करने की योजना है। एक गौठान के लिए लगभग 8 से 10 एकड़ भूमि सुरक्षित हो रही है। इस तरह प्रदेशभर में लगभग डेढ़ लाख एकड़ भूमि सुरक्षित होगी। उन्होंने कहा कि तेज गति की गाडिय़ों से गायों की मौत हो रही थी। गौठान बन जाने से गायों को सुरक्षित स्थान मिला है। वर्मी कम्पोस्ट के निर्माण से जैविक खेती को बढ़ावा मिला है तथा फसल उत्पादन में वृद्धि हुई है। गौठान में एक लाख से अधिक महिलाओं को रोजगार मिला है और वे आर्थिक दृष्टि कोण से मजबूत बन रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *