138 पहलवानों ने यूपी विधानसभा के रण में ठोकी ताल, जानें किस सीट से कितने उम्मीदवार मैदान में

बरेली
विधानसभा के चुनावी दंगल में बरेली की सभी नौ सीटों पर 138 पहलवानों ने ताल ठोक दी है। नौ सीटों पर 138 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किए हैं। शुक्रवार को नामांकन के अंतिम दिन रिकार्ड 66 नामांकन कराए गए। सबसे अधिक कैंट विधानसभा में  12 उम्मीदवारों ने परचे दाखिल किए। कांग्रेस के पांच और बसपा के एक प्रत्याशी ने अंतिम दिन परचा भरा। शनिवार को नामांकन पत्रों की जांच होगी। 31 जनवरी को नाम वापसी होगी। शुक्रवार को नामांकन का अंतिम दिन था। सुबह 11 बजे से ही नामांकन कराने वालों की भीड़ लगनी शुरू हो गई। नवाबगंज से बसपा के मोहम्मद यूसुफ खां ने नामांकन पत्र दाखिल किया। कांग्रेस के पांच उम्मीदवारों ने अंतिम समय में परचा भरा। कांग्रेस ने बहेड़ी से संतोष भारती, कैंट से हाजी इस्लाम बब्बू, फरीदपुर से विशाल सागर, शहर से केके शर्मा और आंवला से ओमवीर यादव का नामांकन कराया।

नामांकन कराने में आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार भी पीछे नहीं रहे। मीरगंज के आप उम्मीदवार योगेश कुमार और फरीदपुर में जनक प्रसाद ने परचा दाखिल किया। छोटे दल और निर्दलीय उम्मीदवारों ने खूब नामांकन कराए। शाम चार बजे तक नामांकन कराने का सिलसिला चलता रहा। जो उम्मीदवार शाम तीन बजे तक नामांकन कक्ष तक पहुंच गए उनको मौका दिया गया। कई दावेदार नामांकन करने में कामयाब नहीं हो सके। शाम तीन बजने के बाद कलक्ट्रेट में दावेदारों को एंट्री नहीं दी गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *