कमलापुर नगर पंचायत को कार्बन क्रेडिट दिलवाएगा इंदौर
इंदौर
त्रिपुरा के धलाई जिले की कमलापुर नगर पंचायत को इंदौर स्मार्ट सिटी कंपनी कार्बन क्रेडिट का फायदा दिलवाएगी। स्मार्ट सिटी इंदौर व कमलापुर नगर पंचायत के बीच इस संबंध में तीन साल के लिए आनलाइन अनुबंध हुआ। यह पहला मौका है, जब इंदौर शहर की स्मार्ट सिटी कंपनी प्रदेश के बाहर किसी नगरीय निकाय को कार्बन क्रेडिट का फायदा दिलवाएगी। कमलापुर नगर पंचायत को कार्बन क्रेडिट से मिलने वाली आय में इंदौर की स्मार्ट सिटी कंपनी की 50 प्रतिशत तक शेयरिंग होगी।
उल्लेखनीय है कि स्मार्ट सिटी कंपनी द्वारा गत वर्ष कार्बन क्रेडिट को विदेश के संस्थानों को बेचकर 9 करोड़ रुपये की कमाई की थी। निगमायुक्त प्रतिभा पाल के अनुसार कमलापुर नगर पंचायत द्वारा ऊर्जा संरक्षण के लिए किए गए कार्यों के आधार पर उन्हें कार्बन क्रेडिट दिलवाने का प्रयास किया जाएगा। इंदौर स्मार्ट सिटी द्वारा कार्बन क्रेडिट के लिए जारी किए गए एकीकृत मुद्रीकरण का माडल विकसित किया है। राज्य शासन के नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग स्मार्ट सिटी के माध्यम से प्रदेश के अन्य नगरीय निकायों का कार्बन क्रेडिट के लिए अनुबंध होेने पर इस योजना से होने वाली आय का 50 प्रतिशत राशि स्मार्ट सिटी कंपनी को मिलेगी।
