तीन अलग-अलग सड़क हादसे में 5 की मौत
कोरबा
गुरुवार की देर शाम हुए सड़क हादसे में पांच युवकों की मौत हो गई। जहां चार दोस्त एक मोटर सायकिल में जा रहे थे कि सड़क पर वे गिर पड़े और इस दौरान तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया जिसमें तीन युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई वहीं एक युवक गंभीर रुप से घायल हो गया। दूसरी घटना में ट्रैक्टर की ठोकर से बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई। इस घटना में पुलिस ने ट्रैक्टर चालक को गिरफ्तार कर लिया है। तीसरी घटना में दो मोटर सायकिल आपस में भिड़ गई जहां उपचार के दौरान एक युवक की मौत हो गई।
प्राप्त समाचारों के अनुसार भाटापारा के चिर्रा निवासी अजय कंवर (38) रोहित (19), जयदीप कंवर (30) और रामगोपाल कंवर (29) चारों ग्राम पतरापाली में एक भोज कार्यक्रम में शामिल होकर एक ही बाइक से वापस लौट रहे थे। कटघोरा क्षेत्र के गांव जेन्जरा गांव के पास पहुंचे थे कि अचानक ही वे सड़क पर गिर पड़े। इसी दौरान अज्ञात वाहन ने उन्हें कुचल दिया जिसमें अजय व रोहित की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि जयदीप ने देर रात उपचार के दौरान दम तोड़ दिया, जबकि रामगोपाल कंवर गंभीर रुप से घायल है जिसका इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। बताया जा रहा है कि चारों युवक नशे की हालत में थे और वह सड़क पर कैसे गिरे अभी तक स्पष्ट नहीं हो सका है। कुछ लोगों ने उन्हें सड़क पर ही पड़े देखा तो पुलिस को सूचना दी थी। युवकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है।
दूसरी घटना मानिकपुर चौकी क्षेत्र के ग्राम दादर में गुरुवार देर शाम हुई जहां एक ट्रैक्टर ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। इस हादसे में युवक मुड़ापार निवासी अनिल महंत की मौके पर ही मौत हो गई। गांव में हादसा होते ही लोग एकत्र हो गए और ट्रैक्टर चालक की जमकर धुनाई करने के बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया। इस मामले में पुलिस ने चालक और ट्रैक्टर को जप्त कर लिया है।
तीसरी घटना पाली क्षेत्र के ग्राम पंचायत सैला के पुलिया के पास देर रात की है जहां दो बाइक की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। आसपास के ग्रामीणों की सूचना पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और बाइक सवार युवकों को पाली स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, यहां उपचार के दौरान डूमरकछार निवासी भारत सिंह की मौत हो गई। वहीं दूसरे बाइक सवार सोनू चव्हाण की गंभीर हालत को देखते हुए उसे बिलासपुर अस्पताल रिफर किया गया है।
