दिग्गी संग नाथ बैठे धरने पर, स्टेट हैंगर पर CM शिवराज से मिले नाथ

भोपाल
पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने आज मुख्यमंत्री निवास के बाहर धरना दिया। वे पिछले कई दिनों से मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से मिलने का समय मांग रहे थे। वहीं मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष कमलनाथ की स्टेट हैंगर पर आज बातचीत हुई। इसके बाद नाथ भी धरने में शामिल होने के लिए पहुंच गए।

पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह टेम और सुठालिया सिंचाई परियोजनाओं से प्रभावित होने वाले लोगों के साथ आज सीएम हाउस के बाहर धरना देने जा रहे थे। इससे पहले उनके श्यामला हिल्स स्थित बंगले के सामने से मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का काफिला निकलने जा रहा है। जैसे ही यह जानकारी दिग्विजय सिंह के यहां जमा उनके समर्थकों को मिली। वे सड़क पर आ गए और मुख्यमंत्री का काफिला रोकने का प्रयास किया। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। आनन-फानन में पुलिस ने इन लोगों को काबू में किया और काफिल को रोकने से बचाया। इस दौरान पुलिस की दिग्विजय सिंह के समर्थकों में झड़प भी हुई। मुख्यमंत्री इस रास्ते से स्मार्ट पार्क पौधा रोपण के लिए जा रहे थे। जहां से वे स्टेट हैंगर जाने वाले थे।

दिग्विजय सिंह का आरोप है कि टेम और सुठालिया परियोजना में राजगढ़, गुना, विदिशा और भोपाल के कुछ गांवों के लोगों की जमीन डूब में आ रही है। इनकी जमीन का सर्वे नहीं हुआ है और परियोजना का काम शुरू कर दिया गया है।

इधर कमलनाथ से जब पत्रकारों ने पूछा कि मुख्यमंत्री ने दिग्विजय सिंह को मिलने का समय नहीं दिया और आपको समय दिया। इस पर नाथ भड़क गए और कहा कि बेकार की बाते करते हो, मुझे कोई समय नहीं दिया। हम तो अचानक मिल गए थे। मेरा हेलीकॉप्टर लैंड हुआ था और वे जा रहे थे।

इसलिए अचानक उनसे मुलाकात हो गई। मैंने उनसे पूछा कि दिग्विजय सिंह को मिलने का समय क्यों समय नहीं दे रहे। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि वे धरने पर बैठे हैं और मुझे मिलने से कोई परहेज नहीं है, लेकिन जब मैंने दिग्विजय सिंह से बात की, तब हकीकत पता चली कि वे डेढ़ महीने से मिलने का समय मांग रहे थे।

इधर मुख्यमंत्री की मुलाकात पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ से हो गई। मुख्यमंत्री देवास जाने के लिए स्टेट हैंगर पहुंचे थे, जबकि कमलनाथ छिंदवाड़ा से भोपाल आए थे। दोनों नेताओं के बीच कुछ देर यहां पर बातचीत होती रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *