कलेक्टर आशीष सिंह की कार्रवाई, 27 बीघा जमीन बड़नगर में कराई अतिक्रमण मुक्त

उज्जैन
उज्जैन में करीब छह हेक्टेयर सरकारी जमीन पर किए गए बेजा कब्जे को मुक्त कराते हुए जिला प्रशासन ने उस पर कब्जा ले लिया है। इस कब्जे वाली जमीन की कीमत सौ करोड़ आंकी गई है। जिला प्रशासन ने यह कार्रवाई कोर्ट के आदेश के आधार पर की है। कलेक्टर आशीष सिंह का कहना है कि अतिक्रामक द्वारा बार-बार निर्देश दिए जाने के बाद भी जमीन से कब्जा नहीं छोड़ा जा रहा था।

कलेक्टर सिंह ने सौ करोड़ की जिस जमीन पर प्रशासन के अफसरों की टीम भेजकर कब्जा लिया है, वह बड़नगर क्षेत्र में है। 13 जनवरी को बड़नगर स्थित शासकीय भूमि रकबा 5 .737 हेक्टेयर यानी लगभग 27 बीघा जमीन को मुक्त कराया गया। इसकी अनुमानित कीमत लगभग 100 करोड़ है। कलेक्टर सिंह के निर्देश पर जमीन अतिक्रमण मुक्त कराने की कार्रवाई एसडीएम निधि सिंह, अनुविभागीय पुलिस अधिकारी रविंद्र बोयट, तहसीलदार राधेश्याम पाटीदार, दिवाकर सुलिया थाना प्रभारी मनीष मिश्रा एवं नगर पालिका अधिकारी संदेश शर्मा की टीम ने की है।

गौरतलब है कि इस जमीन पर राजेश ओरा निवासी बड़नगर द्वारा अवैध रूप से कब्जा किया गया था। बार-बार समझाइश देने के बाद भी वह कब्जा नहीं हटा रहा था। इस भूमि पर बच्छराज जिनिंग फैक्ट्री के गोडाउन थे जिनको हटाने के भी निर्देश जारी किए गए थे। न्यायालय के फैसले के आधार पर राजस्व व पुलिस अमले द्वारा कार्रवाई करते हुए एक अरब से अधिक कीमत की जमीन को कब्जे में ले लिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *