दिल्ली: आज आएंगे 27,500 नए कोरोना मरीज, लॉकडाउन लगाने पर विचार नहीं

नई दिल्ली
देश में कोरोना की तीसरी लहर का कहर तेजी से बढ़ रहा है। इसी बीच गुरुवार को दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने कहा कि, दिल्ली में आज कोरोना के लगभग 27,500 मामले आएंगे।' उन्होंने आगे कहा, 'पिछले 4 दिनों से कोरोना मरीज़ों के अस्पताल में भर्ती होने की दर स्थिर है जो कि एक अच्छा संकेत है। बेड पर भर्ती होने की दर 15% है। स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि हमारी लॉकडाउन लगाने की कोई योजना नहीं है। डेटा ऐसा बता रहे हैं कि राजधानी में कोरोना के मामले तेजी से घटेंगे। मालूम हो कि कोरोना के नए मामले अपने पीक की ओर बढ़ते हुए ढाई लाख तक पहुंच गए हैं। इस तरह महज 6 दिनों में ही कोरोना के नए केसों के आंकड़ा 150 फीसदी तक बढ़ गया है। बुधवार को देश भर में कुल 2,47,417 नए केस मिले हैं और इसके साथ ही एक्टिव मामलों का आंकड़ा 11 लाख के पार हो गया है। हालांकि राहत की बात यह है कि बुधवार को दिन भर में 84 हजार से ज्यादा मरीज रिकवर भी हुए हैं। नए केसों के आंकड़े के साथ ही रिकवर होने वालों की संख्या में भी तेजी के चलते हालात कुछ हद तक नियंत्रण में हैं।

अब तक मिले कोरोना के कुल केसों के मुकाबले एक्टिव केसों का प्रतिशत भी तेजी से बढ़ते हुए 3.08% हो गया है। इसके अलावा डेली पॉजिटिविटी रेट अब 13 फीसदी से ज्यादा हो गया है, जबकि वीकली पॉजिटिविटी रेट भी 10 फीसदी के पार बना हुआ है। यही नहीं रिकवरी रेट जो पिछले महीने ही 98 फीसदी के पार था, वह अब घटते हुए 95.59% ही रह गया है। हालांकि राहत की बात यह है कि देश में वैक्सीनेशय़न की रफ्तार तेज है और अब तक 154 करोड़ से ज्यादा कोरोना टीके लगाए जा चुके हैं। एक्सपर्ट्स का कहना है कि टीका लगवाने वाले लोगों की स्थिति संक्रमण के बाद भी ज्यादा गंभीर नहीं हो रही है। ऐसे में अब भी बचाव के साथ टीका ही कोरोना संकट से निपटने का सबसे कारगर उपाय है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *