गांवों में आइसोलेशन वाले मरीजों की इस तरह निगरानी करेगा स्वास्थ्य विभाग, सीएम नीतीश के निर्देश पर बनी एप

 पटना

बिहार के सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों में होम आइसोलेशन में रहने वाले कोरोना संक्रमित मरीजों की हिट एप से निगरानी होगी। सूचना प्रावैधिकी विभाग के सहयोग से स्वास्थ्य विभाग द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में संक्रमित मरीजों के स्वास्थ्य की निगरानी रखी जाएगी। स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने मंगलवार को ऑनलाइन प्रेस कांफ्रेंस में इसकी जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर के दौरान हिट एप का निर्माण किया गया था। मुख्यमंत्री के निर्देश पर तैयार किए गए इस एप की सफलता की प्रधानमंत्री ने भी सराहना की थी और इसे अन्य राज्यों को अपनाने पर जोर दिया था। इस एप को कोरोना की तीसरी लहर के दौरान भी बुधवार से उपयोग में लाया जाएगा।

वहीं, राज्य स्वास्थ्य समिति के कार्यपालक निदेशक संजय कुमार सिंह ने बताया कि शीघ्र ही हिट एप को लेकर ऑनलाइन राज्य स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम होगा और उस प्रशिक्षण के आधार पर ही जिलों में संबंधित कर्मियों को एप के संचालन की जानकारी दी जाएगी।  

सूचना प्रावैधिकी विभाग के सचिव संतोष मल्ल ने बताया कि 17 मई, 2021 को हिट एप को लॉन्च किया गया था। इस एप के माध्यम से 1.5 लाख संक्रमित मरीजों की निगरानी की गयी थी। इस एप के माध्यम से कोरोना की दूसरी लहर के दौरान प्रतिदिन 15 हजार मरीजों की निगरानी की गयी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *