स्वरोजगार का आगाज पर 206 करोड़ रुपए से अधिक की राशि का होगा वितरण

इंदौर

देश को आत्मनिर्भर बनाने के लिए युवाओं को नवाचार, स्टार्टअप और स्वरोजगार के लिए प्रेरित करने की शुरुआत युवा दिवस से हो रही है। सरकार इस दिन इंदौर जिले में 34,937 युवाओं को रोजगार देने के साथ ही दूसरों को भी रोजगार देने के लिए सक्षम बना रही है। यह युवा खुद रोजगार शुरू करेंगे ही, आगे लाखों बेरोजगारों के लिए आशा की किरण भी बनेंगे। सरकार विभिन्न उद्यमों के लिए 206 करोड़ रुपए की राशि बैंकों के माध्यम से दे रही है।

जाल सभागृह में 12 जनवरी को दोपहर 1 बजे कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसमें सीएम शिवराजसिंह चौहान वर्चुअली जुड़ेंगे। कलेक्टर मनीषसिंह के अनुसार इस कार्यक्रम में 100 युवाओं को बुलाया जाएगा। बचे हुए युवाओं को बैंक अपनी शाखाओं में बुलाकर स्वीकृति व वितरण पत्र सौंपेंगे। कार्यक्रम के नोडल अधिकारी एडीएम पवन जैन ने बताया, सरकार की इस योजना के लिए विशेष आवेदन बुलाए गए थे। प्रकरणों की छानबीन के बाद अलग-अलग योजनाओं में ऋण दिया जा रहा है। इसमें सबसे ज्यादा लोन प्रधानमंत्री मुद्रा योजना में स्वीकृत किए गए हैं। इनकी संख्या 25 हजार से ज्यादा है। इस योजना के तहत 50 हजार से 10 लाख रुपए तक की राशि दी जा रही है। शेष मामले अलग-अलग योजनाओं के हैं। कुछ आवेदन ज्यादा राशि के हैं, जिन्हें एमएसएमई के तहत ऋण दिया गया है।

इन योजनाओं में दे रहे लोन
स्व-रोजगार को प्रोत्साहित करने के लिए सरकार ने कई योजनाएं शुरू की हैं। इनमें उत्पादन व सर्विस इकाई दोनों के लिए लोन दिए जा रहे हैं। प्रमुख रूप से प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, मुख्यमंत्री ग्रामीण पथ विक्रेता योजना, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, स्टैंडअप इंडिया योजना, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन से इन युवाओं को जोड़ा गया है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *