IPL 2022: कोलकाता नाइट राइडर्स के कप्तान बनेंगे श्रेयस अय्यर! मेगा ऑक्शन में फ्रेंचाइजी लगा सकती है बड़ा दांव
नई दिल्ली
आईपीएल 2022 में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) टीम में बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं। दो बार की चैंपियन लीग के 15वें सीजन में किसी भारतीय युवा खिलाड़ी को कप्तान बनाना चाहती है। खबरों की मानें तो फ्रेंचाइजी ने इसके लिए नाम भी फाइनल कर लिया है। हालांकि इसकी अभी आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। आईपीएल के पिछले सीजन में कप्तान इयोन मोर्गन को रिलीज करने वाली कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम श्रेयस अय्यर को अपना कप्तान बना सकती है। अय्यर 2020 में दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान बने थे, जहां टीम फाइनल तक पहुंची थी, लेकिन उसे मुंबई इंडियंस के हाथों हार का सामना करना पड़ा था। रिपोर्ट के अनुसार, केकेआर के अलावा अहमदाबाद और मुंबई इंडियंस भी श्रेयस अय्यर को अपने साथ जोड़ना चाहती है।
IPL 2022 मेगा ऑक्शन का आयोजन अगले महीने 12 और 13 फरवरी को बेंगलुरु में होना है।उससे पहले ही लीग की 2 नई टीमों लखनऊ और अहमदाबाद ने अपने 3-3 ड्राफ्ट खिलाड़ी तय कर लिए हैं। 2022 से आईपीएल में 8 के बजाए 10 टीमें एक-दूसरे के खिलाफ खेलती नजर आएंगी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कोलकाता नाइट राइडर्स लीग के 15वें सीजन में श्रेयस अय्यर पर बड़ा दांव लगा सकती है। अय्यर ने आईपीएल करियर में अबतक 87 मैचों में 2375 रन बनाए हैं। इनमें 96 रन उनका बेस्ट है जबकि वह अबतक 16 अर्धशतक भी लगा चुके हैं। 2020 में वह लीग में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में चौथे नंबर पर थे। उन्होंने 324.60 की औसत से 519 रन बनाए थे।
