किसान भाई चिंता न करें, सरकार संकट में उनके साथ है : कृषि मंत्री पटेल

भोपाल
किसान-कल्याण तथा कृषि विकास मंत्री कमल पटेल ने  हरदा जिले के कुछ ग्रामों में गत रात्रि में हुई ओलावृष्टि की खबर लगते ही रविवार सुबह किसानों से ओला वृष्टि से हुई फसल क्षति संबंधी जानकारी ली और  राज्य सरकार की ओर से हर सम्भव मदद एवं राहत दिलाने के लिए आश्वस्त किया। उन्होंने कहा कि  राजस्व और कृषि विभाग के अधिकारी-कर्मचारी गाँव-गाँव का दौरा कर सर्वे कर रहे हैं। सही जानकारी प्राप्त कर, उसके आधार पर किसानों को राहत दिलाने की व्यवस्था की जाएगी। मंत्री पटेल ने कहा कि जिला प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं कि 72 घण्टे की समय-सीमा में सर्वे कराकर कलेक्टर द्वारा उसकी अधिसूचना जारी कर दी जाए ताकि किसानों को फसल बीमा योजना की 25 प्रतिशत राशि तत्काल मिल सके।

कलेक्टर के साथ ग्रामों का किया दौरा
कृषि मंत्री पटेल ने रविवार सुबह फसल क्षति की खबर लगते ही कलेक्टर संजय गुप्ता और उप संचालक कृषि चन्द्रावत के साथ पानतलाई, बालागाँव और अन्य प्रभावित गाँवों में खेतों में जाकर  फसल नुकसानी का जायजा लिया।  उन्होंने कहा कि किसानों को फसल बीमा का लाभ भी मिलेगा और राजस्व पुस्तक परिपत्र के संशोधित प्रावधानों में किसानों को पात्रता अनुसार फसल क्षति राहत राशि यथाशीघ्र दिलाई जाएगी। मंत्री पटेल ने भ्रमण के दौरान किसानों से कहा कि वे बिल्कुल चिंता न करें, प्रदेश सरकार संकट की इस घड़ी में उनके साथ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *