प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष कांतिलाल भूरिया को लेकर नहीं बदले कांग्रेस अध्यक्ष महेश पटेल के सुर
भोपाल
अलीराजपुर जिला कांग्रेस अध्यक्ष महेश पटेल को हटाये जाने के बाद अब भी प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष कांतिलाल भूरिया को लेकर उनके सुर नहीं बदले हैं। पटेल ने कहा है कि अलीराजपुर में बाहरी व्यक्ति को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और कांतिलाल भूरिया बाहरी है। प्रदेश टुडे से बात करते हुए महेश पटेल ने कहा कि गुरुवार या शुक्रवार को वे अपने समर्थकों के साथ बैठक कर रहे हैं।
जिसमें यह तय होगा कि उन्हें आगे क्या करना है। उन्होंने बताया कि उपचुनाव के दौरान ही उन्होंने जिला अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था, जो अब जाकर मंजूर किया गया। उन्होंने कहा कि अलीराजपुर कांग्रेस में बाहरी कोई व्यक्ति हस्तक्षेप करेगा यह बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भूरिया अलीराजपुर जिले के नहीं हैं।
वे यहां आकर कांग्रेस में गुटबाजी करवाते हैं। यदि वे सक्रिय रहे तो यहां पर कांग्रेस खत्म हो जाएगी। महेश पटेल को कांग्रेस ने जोबट उपचुनाव में अपना उम्मीदवार बनाया था। वे उपचुनाव हार गए। इसके बाद उन्होंने प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष कांतिलाल भूरिया को हार का जिम्मेदार बताते हुए उन पर कई आरोप लगा दिए। इसके बाद भूरिया ने भी पलटवार कर दिया था।
