मेरठ में नंगली धाम के लिए सुगम मार्ग बनाने की बाधाएं हुईं दूर, भूमि अधिग्रहण के लिए राशि जारी
मेरठ
मेरठ में एनएच-58 से संकौती, मंडौरा, नंगला राठी होते हुए साधू नंगली अस्पताल तक मार्ग का चौड़ीकरण तथा सुदृढ़ीकरण जल्द हो सकेगा। मंत्रिपरिषद ने इस मार्ग को अन्य जिला मार्ग की श्रेणी में उच्चीकृत करने के लिए मंत्रिपरिषद ने लोक निर्माण विभाग की प्रचलित नीति को शिथिल किए जाने के प्रस्ताव को अनुमोदित कर दिया है।
वर्तमान में नंगली तीर्थ स्थल पर पहुंचने के लिए एनएच-58 के किमी संख्या 86 से सकौती फलावदा अन्य जिला मार्ग के किमी. 03 से बातनौर होते हुए पहुंच मार्ग का प्रयोग किया जाता है। इस मार्ग पर बहुत अधिक मोड़ होने से मेले के दौरान हादसे होने की आशंका बनी रहती है। इस दिक्कत को दूर करने के लिए एनएच-58 से एक सुगम पहुंच मार्ग का निर्माण प्रस्तावित किया गया है। प्रस्तावित मार्ग को 5.50 मीटर चौड़ा करने के लिए 10 मीटर चौड़ाई में भूमि की जरूरत है।
अतिरिक्त भूमि के अधिग्रहण के लिए 391.72 लाख रुपये और स्ट्रक्चर के लिए 22.33 लाख रुपये कुल 419.04 लाख रुपये का प्रावधान जिला प्रशासन मेरठ ने किया है। मार्ग से वृक्षों को हटाने के लिए 2.18 लाख तथा यूटिलिटी शिफ्टिंग के कार्य के लिए 23.65 लाख का प्रावधान किया गया है।
