अमृतसर पहुंची एअर इंडिया की फ्लाइट में 125 पैसेंजर कोरोना संक्रमित
अमृतसर। पंजाब में कोरोना एक बार फिर कहर बरपाने लगा है। ओमिक्रोन वैरिएंट के बाद से संक्रमण रोजाना जिस रफ्तार से बढ़ रहा वो बेहद खतरनाक साबित हो सकता है। इसी बीच अमृतसर एयरपोर्ट से एक डरावनी खबर सामने आई है, जहां गुरुवार को पहुंची एअर इंडिया की फ्लाइट में 125 पैसेंजर कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। जिससे प्रशासन में हड़कंप मच गया है। क्योंकि तीसरी लहर की आहट के दौरान पहली बार ऐसा देखने को मिला है जब किसी फ्लाइट में इतनी ज्यादा संख्या में लोग पॉजिटिव पाए गए हैं।
सभी पैसेंजर को किया गया क्वारैंटाइन
दरअसल, अमृतसर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर एअर इंडिया की जो फ्लाइट पहुंची है, वह इटली से आई है। जिसमें कुल 191 पैसेंजर सवार थे। लेकिन इसमें से फ्लाइट में 125 पैसेंजर कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। फिलहाल सभी संक्रमितों को अमृतसर में क्वारंटाइन किया गया है। किसी को बिना जांच के बगैर बाहर नहीं निकले दिया गया। हालांकि इस दौरान पैसेंजर पुलिस के जवानों से झड़प करते दिखे।
एयरपोर्ट डायरेक्टर ने की मामलों की पुष्टि
बता दें कि एयर इंडिया की फ्लाइट में इतनी बड़ी संख्या में मिले संक्रमितों की पुष्टि अमृतसर इंटरनेशनल एयरपोर्ट के डायरेक्टर वी.के. सेठ ने की है। उन्होंने बताया कि फ्लाइट से आए सभी पैसेंजर्स की कोविड जांच की गई थी, जिसमें इतनी बड़ी संख्या में संक्रमितों की पुष्टि हुई। कोविड गाइडलाइन के मुतााबिक, संक्रमित पैसेंजर को अमृतसर एयरपोर्ट पर ही क्वारंटाइन किया गया है।
देश में चुकी है कोरोना की तीसरी लहर
कई विशेषज्ञ और डॉक्टर कह चुकें है कि भारत में कोरोना की तीसरी लहर आ चुकी है। पिछले 24 घंटे में 90,941 नए संक्रमितों की पहचान हुई। 19,163 मरीज ठीक हुए और 325 लोगों की मौत हो गई। इससे एक्टिव केस में 71,453 की बढ़ोतरी दर्ज की गई। वहीं अगर हम पंजाब की बात करें तो एक दिन में कोरोना के 1811 मामले मिले हैं।
