एक नए शो से टीवी पर डेब्यू करने जा रहे हैं ऐक्टर जिमी शेरगिल
फिल्मी पर्दे पर अपनी ऐक्टिंग का जलवा दिखाने के बाद अब ऐक्टर जिमी शेरगिल टीवी की दुनिया में कदम रखने जा रहे हैं। जिमी शेरगिल किसी शो को होस्ट नहीं करेंगे, बल्कि वह एक फिक्शन शो में मुख्य किरदार निभाते नजर आएंगे। रिपोर्ट के मुताबिक, 'उडारियां' शो के मेकर्स यानी सरगुन मेहता और रवि दुबे जल्द ही अपना नया शो लेकर आने वाले हैं। इस शो के लिए उन्होंने जिमी शेरगिल को अप्रोच किया है। शो एक फैमिली ड्रामा होगा, जिसका नाम 'स्वर्ण मंदिर' है। इसकी कहानी एक ऐसे कपल के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसे उसके बच्चे छोड़ देते हैं। एक सोर्स ने बताया कि जिमी के साथ बातचीत अडवांस स्टेज में पहुंच चुकी है। हालांकि उन्होंने अभी तक कॉन्ट्रैक्ट साइन नहीं किया है। लेकिन उम्मीद है कि जिमी जल्द ही कॉन्ट्रैक्ट साइन कर लेंगे। शो की शूटिंग अगले महीने से चंडीगढ़ में शुरू होगी। सोर्स ने बताया, 'शो की कहानी माता-पिता और उनके बलिदान के बारे में है। यह बताती है कि किस तरह मां-बाप बच्चों के लिए कुर्बानी देते हैं और बदले में उन्हें क्या मिलता है।' हालांकि जब जिमी शेरगिल से पूछा गया तो उन्होंने कहा कि अभी उन्होंने शो साइन नहीं किया है। इसलिए कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी।
जिमी शेरगिल ने अपने फिल्मी करियर की शुरुआत 1996 में 'माचिस' से की थी। 2000 में आई फिल्म 'मोहब्बतें' उनके करियर में टर्निंग पॉइंट साबित हुई। जिमी शेरगिल ने 'तनु वेड्स मनु', 'तनु वेड्स मनु रिटर्न्स', 'माय नेम इज खान', 'स्पेशल 26', 'लगे रहो मुन्नाभाई' और 'हैपी भाग जाएगी' जैसी ढेरों फिल्में कीं।
