BJP को बंगाल में मिलेगा एक और झटका? नाराज केंद्रीय मंत्री ने छोड़े सारे व्हॉट्सऐप ग्रुप

कोलकाता

भाजपा को असहज स्थिति में डालते हुए केंद्रीय मंत्री और मतुआ समुदाय के प्रमुख सदस्य शांतनु ठाकुर ने पार्टी के सभी व्हाट्सऐप ग्रुप छोड़ दिए हैं। केंद्रीय जहाजरानी राज्य मंत्री ठाकुर ने मंगलवार को इसकी पुष्टि की। उन्होंने मीडिया से कहा कि ऐसा लगता है कि राज्य के भाजपा नेतृत्व को नहीं लगता कि संगठन के भीतर हमारी (मतुआ की) कोई महत्वपूर्ण भूमिका है। बता दें कि बीते साल विधानसभा चुनावों के नतीजे आने के बाद से बंगाल में बीजेपी को कई झटके लगते रहे हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि क्या भाजपा की राज्य इकाई में अब उनका कोई महत्व है। ठाकुर ने कुछ और कहने से इनकार कर दिया। बनगांव के सांसद अखिल भारतीय मतुआ महासंघ के संघ अधिपति भी हैं। इस घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने कहा, हम शांतनु ठाकुर के साथ किसी भी गलतफहमी को दूर कर लेंगे। वह भाजपा परिवार का पूरी तरह हिस्सा हैं।

कुछ मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, हाल ही में बंगाल बीजेपी में फेरबदल हुए और सुकांता मजूमदार को दिलीप घोष की जगह नया प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया। हालांकि, इस फेरबदल में मतुआ समुदाय के नेता को कोई बड़ी जिम्मेदारी या पद नहीं दिया गया। ठाकुर के अलावा मंगलवार को पांच बीजेपी विधायकों – मुक्तमणि अधिकारी, सुब्रत ठाकुर, अंबिका रॉय, अशोक कीर्तानिया और आसिम सरकार ने भी राज्य पार्टी कमेटी से खुद को बाहर रखे जाने पर नाखुशी जाहिर की और बीजेपी विधायकों के वॉट्सऐप ग्रुप को छोड़ दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *