ACE ग्रुप के मालिक अजय चौधरी के ठिकानों पर IT का छापा
बागपत
उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के करीबियों के यहां आयकर विभाग की छापेमारी का दौर लगातार जारी है बीते दिनों सपा एमएलसी पुष्पराज जैन व अन्य इत्र कारोबारियों के घर भी छापेमारी के बाद अब आयकर विभाग की टीम ने ACE ग्रुप के मालिक अजय चौधरी के ठिकानों पर छापेमारी तेज कर दी है। इसी बीच बागपत के खेकड़ा थाना क्षेत्र में स्थित महरमपुर गांव में अजय चौधरी उर्फ संजू के फॉर्म हाउस पर भी आयकर टीम के डिप्टी डायरेक्टर राजीव प्रसाद के साथ आयकर विभाग के 7 सदस्य तथा 9 पुलिसकर्मी मौजूद हैं।
बताया गया कि महरमपुर गांव निवासी अजय उर्फ संजु नोएडा में बड़ा बिल्डर है। मंगलवार सुबह पांच बजे उसके पैतृक आवास महरमपुर में इंकम टैक्स विभाग के डिप्टी डॉयरेक्टर राजीव प्रसाद के नेतृत्व में सात अफसर और नौ पुलिसकर्मी पहुंचे। मकान का ताला खुलवा कर तलाशी लेनी शुरु कर दी। इस दौरान हलका विरोध भी हुआ। लेकिन पुलिस के सामने उनकी एक न चली। अभी तलाशी का काम जारी है। अभी कोई कैश, जेवरात या आपत्तिजनक दस्तावेज मिलने की सूचना नही मिली है। बिल्डर अखिलेश यादव का करीबी बताया जा रहा है। मिली जानकारी के अनुसार, आयकर विभाग की ओर से बागपत में होने वाली रेड की सूचना स्थानीय पुलिस को भी नही दी गई है।
समाजवादी इत्र बनाने वाले कारोबारी के यहां छापेमारी
गौरतलब है कि इससे पहले यूपी में अखिलेश यादव के करीबी इत्र कारोबारी और समाजवादी पार्टी के एमएलसी पुष्पराज जैन उर्फ पम्पी के ठिकानों पर आयकर विभाग छापेमारी की छापेमारी हुई थी। आयकर विभाग की टीम ने तब कन्नौज, कानपुर, दिल्ली और मुंबई में 50 अलग-अलग जगहों पर रेड डाली थी। इसी सिलसिले में मुंबई के विलेपार्ले, अंधेरी, गोरेगांव और मलाड में पुष्पराज जैन उर्फ पम्पी के ठिकानों की तलाशी हुई थी। इनकम टैक्स विभाग की टीम ने कन्नौज में मोहम्मद याकूब परफ्यूम पर इनकम टैक्स की रेड की थी।
