बैंकर्स स्व-रोजगार योजनाओं में अधिक से अधिक ऋण एवं स्वीकृति पत्र वितरित करावें – कलेक्टर
मुरैना
कलेक्टर बी.कार्तिकेयन ने कहा है कि मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप पूरे प्रदेश में 12 जनवरी 2022 को प्रदेशव्यापी स्व-रोजगार, रोजगार दिवस कार्यक्रम आयोजित किया जायेगा। स्व-रोजगार मेले में शासन की विभिन्न विकास योजनाओं से स्व-रोजगारियों को ऋण एवं अनुदान राशि का वितरण किया जाना है। इसके लिये सभी बैंकर्स, बैंकों में दर्ज स्व-रोजगार के सभी प्रकरणों में ऋण स्वीकृत कर 12 जनवरी को वितरित करायें। यह निर्देश उन्होंने ने सोमवार को नवीन कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित डीएलसीसी की बैठक में बैंकर्स एवं संबंधित विभागों अधिकारियों को दिये। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी रोशन कुमार सिंह, नगर निगम कमिश्नर संजीव कुमार जैन, अग्रणी जिला प्रबंधक एनके मंगल सहित समस्त बैंक शाखाओं के शाखा प्रबंधक, स्व-रोजगार विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
कलेक्टर बी.कार्तिकेयन ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा मुरैना जिले को 3 हजार 145 का लक्ष्य दिया है। 12 जनवरी को आयोजित होने वाले मेगा स्वरोजगार मेले में अधिकारी एवं स्व-रोजगार से जुड़े विभागों को आपसी समन्वय कर रोजगार मेला का लक्ष्य पूर्ण करने के निर्देश दिये। बैठक में प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, स्टैण्डप इंडिया योजना, शहरी तथा ग्रामीण आजीविका मिशन, प्रधानमंत्री तथा मुख्यमंत्री स्वनिधि योजना, राष्ट्रीय पशुधन मिशन योजना के प्रकरणों के बैंकवार समीक्षा कर निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले की सभी बैंक शाखा केन्द्र सरकार तथा राज्य सरकार की बैंक मूलक योजनाओं के लंबित ऋण प्रकरणों को स्वीकृत कराकर स्व-रोजगार मेले में वितरित करायें। हितग्राहियों के ऋण प्रकरण में यदि किसी तरह की कमी है तो हितग्राही एवं संबंधित विभाग के अधिकारी से संपर्क करके उस कमी को पूरा कराएं। बैंकों में दर्ज शत-प्रतिशत ऋण प्रकरणों का निराकरण कराएं। किसी भी स्थिति में बैंक अपने पास हितग्राहियों के ऋण प्रकरण लम्बित न रखें। यदि हितग्राही पात्रता न रखता है, तो उसकी संबंधित को जानकारी दी जाए।
कलेक्टर ने कहा कि टाउनहॉल मुरैना में मेले का आयोजन 12 जनवरी को किया जायेगा। मेले में विभागों से सबंधित उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई जाए तथा रोजगार-स्वरोजगार की जानकारी देने हेतु बैंकों सहित स्व-रोजगार से जुड़े सभी विभाग अपना स्टाल लगाएं। उन्होंने निर्देश दिए कि मेले में उद्योग विभाग, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, नगरीय निकायों, आदिमजाति कल्याण विभाग, पिछड़ावर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण विभाग, कुटीर एवं ग्रामोद्योग विभाग, उद्यानिकी विभाग, पशुपालन विभाग, मछली पालन विभाग, कृषि विभाग, सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम विभाग, तकनीकी शिक्षा एवं कौशल विकास विभाग, श्रम विभाग तथा महिला एवं बाल विकास विभाग की भागीदारी रहेगी। सभी अधिकारी अपने विभागों से जुड़ी योजनाओं में हितग्राहियों को लाभान्वित करें।
