बच्चे देश का भविष्य है, इन्हें शत-प्रतिशत वैक्सीनेशन करायें – केन्द्रीय मंत्री तोमर
मुरैना
केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री तथा क्षेत्रीय सांसद नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा है कि बच्चे हमारे देश का भविष्य है। इन्हें स्वस्थ्य रखना हमारी पहली जिम्मेदारी है। उन्होंने देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को धन्यवाद देते हुये कहा कि उनके अथक प्रयासों से 15 से 18 वर्ष तक के बच्चों को वैक्सीनेशन का कार्य आज सोमवार से प्रारंभ हो रहा है।
मंत्री तोमर ने कहा कि मुरैना जिले में 1 लाख 43 हजार 256 बच्चों को वैक्सीनेशन किया जाना है, इनमें से सोमवार को प्रथम दिन 241 स्कूलों पर 30 हजार बच्चों को वैक्सीन लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस लक्ष्य को जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, प्रशासनिक अधिकारी पूर्ण करायें। यह हम सबकी जिम्मेदारी है।
केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर नई दिल्ली से गूगल मीट के माध्यम से संबोधित कर रहे थे। मुख्य कार्यक्रम जिला मुख्यालय पर नील वर्ल्ड स्कूल में किया गया। जहां मध्यप्रदेश पिछड़ावर्ग एवं वित्त विकास निगम के अध्यक्ष रघुराज सिंह कंषाना, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. योगेशपाल गुप्ता, कलेक्टर बी.कार्तिकेयन, जिला पंचायत के सीईओ रोशन कुमार सिंह, नगर निगम कमिश्नर संजीव कुमार जैन, एसडीएम, शिक्षा, स्वास्थ्य, जिला टीकाकरण अधिकारी, डीपीएम सहित स्कूल के प्राचार्य एवं छात्र-छात्रायें मौजूद थीं।
केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि कोरोना से बचने के लिये देश में 146 करोड़ डोज लगे है। इसमें से मध्यप्रदेश में 10 करोड़ 24 लाख से अधिक लोगों को वैक्सीन का टीका लग चुका है। उन्होंने कहा कि मुरैना जिले के जनप्रतिनिधि, विभिन्न संस्थायें, प्रशासनिक अधिकारियों ने मेहती योगदान देकर इस कार्य सफल बनाया है। मैं उन्हें बधाई देता हूं। देश कुशलता के सौपान पर पहुंचा है। इसी प्रकार आगे भी 15 से 18 वर्ष तक के बच्चों को टीकाकरण में विशेष योगदान देकर कल के भविष्य को बनायें। केन्द्रीय मंत्री तोमर ने कहा कि जिले में 241 केन्द्रों पर 30 हजार बच्चों को वैक्सीनेशन किया जाना है। सभी लोग योगदान दें। ऐसा मैं सभी से आग्रह करता हूं।
श्री तोमर ने कहा कि पिछले कोरोनाकाल में सभी ने अच्छा सहयोग व योगदान दिया था, अभी ओमिक्रॉन की आहट पूरी दूनिया में दिखाई एवं सुनाई दे रही है। हम सभी को सजग रहकर कार्य करना है। जिले में पलंग, ऑक्सीजन, अन्य आवश्यक उपकरण भी पर्याप्ता मात्रा में उपलब्ध है। सभी उपकरण सेवा के लिये उपयुक्त है। आने वाले दिनों में ओमिक्रॉन की जो आहट दिखाई व सुनाई दे रही है। हमें कोविड की गाइडलाइन दो गज की दूरी मास्क के जरूरी जैसे नियमों का पालन करते रहना चाहिये। प्रशासनिक अधिकारियों को जनता समाज से जुड़कर लोगों में कोविड गाइडलाइन का पालन कराने के लिये लोगों में जन-जागरूकता फैलायें।
मंत्री तोमर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने स्वच्छ भारत अभियान को चलाया था। अभियान में जनप्रतिनिधियों का भरपूर योगदान तो मिला ही था। सबसे अधिक स्वच्छ भारत अभियान में छोटे-छोटे बच्चों का योगदान सराहनीय रहा था। जो बुजुर्ग काम नहीं करते थे, उन्हें बच्चे साफ-सफाई में विशेष ध्यान देते थ। इसके बाद बड़े लोग भी सतर्क हो गये और उन्होंने भी बच्चों के बताये हुये शब्दों पर स्वच्छ भारत अभियान को सकारात्मक पूर्णरूप दिया। प्रशासनिक अधिकारी रोको-टोको अभियान के तहत गति दे रहें है, हम सभी को इस योगदान में सहयोग करना चाहिये। बच्चों को वैक्सीन लगे, इसकी जिम्मेदारी स्कूल प्रबंधकों की भी होनी चाहिये।
प्रदेश के खाद्य प्रसंस्करण, उद्यानिकी मंत्री भारत सिंह कुशवाह ने कहा कि वर्तमान को सुरक्षित रखने एवं भविष्य को सही दिशा देने के लिये देश के प्रधानमंत्री व प्रदेश के मुख्यमंत्री ने चिंता की है। ऐसे हम सभी को प्रयास करने होंगे। मैं कहना चाहूंगा कि जिले को जो लक्ष्य मिला है, उस लक्ष्य को लंबा समय न दे, जल्दी ही टीकाकरण पूर्ण करायें। तभी हम तीसरी लहर से छुटकारा पा सकते है। प्रभारी मंत्री ने कहा कि केन्द्रीय मंत्री नरेन्द सिंह तोमर का हमें मार्गदर्शन समय-समय पर मिलता रहे तो कठिन से कठिन काम भी हमारे लिये सरलता बन जाता है। उन्होंने कहा कि केन्द्रीय मंत्री के सहयोग से जिले को ऑक्सीजन प्लांट, सीटी स्केन मशीन मिली है। हम उसका उपयोग करें, फिर भी कोरोना गाइडलाइन का पालन भी हमें करते रहना चाहिये।
मध्यप्रदेश पिछड़ावर्ग एवं वित्त विकास निगम के अध्यक्ष रघुराज सिंह कंषाना ने कहा कि प्रदेश सरकार ने बच्चों के भविष्य की चिंता की। इसलिये उन्होंने 15 से 18 वर्ष तक के बच्चों को शत-प्रतिशत टीका लगाने का निर्णय लिया है। हम सभी का यह दायित्व है कि कोविड वैक्सीनेशन से इस उम्र के बच्चे छूटना नहीं चाहिये। कोविड की तीसरी लहर आने से पहले ही हम सभी को कोविड नियमों का पालन करना चाहिये।
भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. योगेशपाल गुप्ता ने कहा कि 15 से 18 वर्ष तक बच्चों का टीकाकरण 3 जनवरी से प्रारंभ हुआ है। इसमें एक भी बच्चा छूटना नहीं चाहिये। हालांकि यह जिम्मेदारी स्कूलों में दी है। इसके अलावा शाला से बाहर जो बच्चे है, उन्हें भी शत-प्रतिशत टीका लगे, ऐसे हमें प्रयास करने होंगे। जिले में ऑक्सीजन उपकरण सभी जगह लगाये गये है, फिर भी कोविड नियमों का पालन हमें करने की आवश्यकता है।
कार्यक्रम के अंत में नील वर्ल्ड स्कूल में मध्यप्रदेश पिछड़ावर्ग एवं वित्त विकास निगम के अध्यक्ष रघुराज सिंह कंषाना एवं डॉ. योगेशपाल गुप्ता ने टीकाकरण कक्ष का फीता काटकर शुभारंभ किया। इस मौके पर कक्षा 11वीं के छात्र कृष्णा और कु. अमिका गोयल को प्रथम डोज वैक्सीन का लगाया।
