मंत्री पटेल ने किया सड़क निर्माण का भूमि-पूजन

सड़क के बनने से 30 से 35 ग्रामों के 40 हजार लोग सीधे जुड़ेंगे जिला मुख्यालय और महाराष्ट्र से

भोपाल
पशुपालन एवं डेयरी विकास मंत्री प्रेमसिंह पटेल को बड़वानी जिले के ग्राम सुस्ती खेड़ा में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना में 609 लाख 44 हजार रूपये से बनने वाली मेणीमाता-सुस्तीखेड़ा-सामरखेड़ा-काजलमाता रोड़ का भूमि-पूजन किया। इस मार्ग के बन जाने से  पहाड़ पट्टी के लगभग 35 से अधिक गाँवों के 40 हजार से अधिक लोग जहाँ सीधे जिला मुख्यालय से जुड़ेंगे वहीं निवाली होते हुए वे महाराष्ट्र से भी सीधे जुड़ जायेंगे। इससे उन्हें 20 किलोमीटर की दूरी कम तय करना होगी। बरसात के दिनों में होने वाली समस्या से भी लोगों को निजात मिल जायेगी।

मंत्री प्रेमसिंह पटेल  ने बताया कि इस सड़क की मांग लंबे समय से चल रही थी, जो आज प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के कारण पूरी हो रही है।  सड़क के बन जाने से इस दुर्गम क्षेत्र में जहाँ विकास के नये आयाम प्रारंभ होंगे वही इस क्षेत्र के रहवासी सरलता से जिला मुख्यालय एवं महाराष्ट्र पहुँच सकेंगे। क्षेत्र के लिए यह मार्ग जीवनरेखा साबित होगी। राज्यसभा सांसद डॉ. सुमेर सिंह सोलंकी तथा जिला पंचायत के पूर्व अध्यक्ष बलवंत सिंह पटेल सहितबड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *