मंत्री डॉ. मिश्रा ने नववर्ष पर माँई का आशीर्वाद लेकर कंबल स्वेटर किए वितरित
दतिया
गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने नववर्ष पर माँ पीताम्बरा पीठ मंदिर पहुँचकर पीताम्बरा माँई एवं वनखण्ड़ेश्वर महादेव की पूजा अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने प्रदेश एवं जिले के निवासियों के जीवन के लिए सुख समृद्धि की प्रार्थना की।
नव वर्ष पर मंत्री डॉ. मिश्रा ने पितांबरा माई के दर्शन करने के पश्चात दतिया की नगर पंचायत बड़ौनी के वार्ड क्रमांक 15 नीवरी की आदिवासी बस्ती में 450 व्यक्तियों को कम्बल एवं स्वेटर वितरित किए।
गृह मंत्री ने कहा कि हमारी सरकार ने हमेशा गरीब, मजदूर, किसानों की चिन्ता करते हुए अनेकों जन कल्याणकारी योजनाओं का क्रियान्वयन किया है, जिससे प्रत्येक गरीब, मजदूर, किसान भाई को योजनाओं का लाभ मिल सके। कोरोना संकटकाल में गरीब का ध्यान रखते हुए निशुल्क तीन-तीन महीने की खाद्यान सामग्री का वितरण किया।
मंत्री डॉ. मिश्रा ने सभी को नववर्ष की बधाई देते हुए आश्वस्त किया कि वे सभी की हर संभव मदद करेंगे। बस्ती के लोगों ने खुशी जाहिर की।
