बेंगलुरु COVID रेड जोन में, 7 जनवरी से पहले कर्नाटक में होगा नई पाबंदियों का ऐलान !

बेंगलुरु
कर्नाटक के राजस्व मंत्री आर अशोक ने रविवार को कहा कि आने वाले दिनों में कर्नाटक में और प्रतिबंध देखने को मिल सकते हैं क्योंकि सरकार 7 जनवरी से पहले कुछ सख्त नियमों की घोषणा करने पर विचार कर रही है. मंत्री ने कहा कि नए साल की पूर्व संध्या के जश्न के मद्देनजर एक रात का कर्फ्यू लगाया गया था, जो 7 जनवरी तक चलेगा. केवल कोविड-19 मामलों की संख्या बढ़ने के साथ और प्रतिबंध लगाए जाएंगे.

अशोक के मुताबिक केंद्र द्वारा जारी सूची में बेंगलुरु ‘रेड जोन’ में शामिल हैं. उन्होंने कहा, ‘‘केंद्र सरकार की सूची के मुताबिक बेंगलुरु रेड जोन में है. यह जरूरी है कि बेंगलुरु सतर्क रहे. हम लोगों की जान बचा सकते हैं अगर हम बेंगलुरु में और पाबंदी लगाएं व अस्पताल में भर्ती होने वाले मरीजों की संख्या कम करें.’’ राज्य सरकार ने संक्रमण को रोकने के लिए सात जनवरी तक रात 10 बजे से सुबह पांच बजे तक कर्फ्यू लागू किया है.

कर्नाटक के राजस्व मंत्री आर अशोक ने संवाददाताओं को बताया, “हम बैठक करेंगे और सात जनवरी से पहले कुछ सख्त नियमों की घोषणा करेंगे जब रात का कर्फ्यू हटाया जाना है.” इसकी विस्तृत जानकारी देते हुए अशोक ने कहा कोविड-19 पर गठित सरकारी समिति जिसमें वह और उच्च शिक्षामंत्री डॉ.सीएन अश्वथ नारायण और स्वास्थ्य मंत्री डॉ.के सुधाकर शामिल हैं, सात जनवरी से पहले बैठक करेगी.

उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य पर गठित विशेषज्ञ समिति भी मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई को उठाए जाने वाले कदमों की जानकारी देगी. अशोक ने कहा, “हम समिति की सिफारिशों को पूरी तरह से लागू करेंगे क्योंकि हमले पिछली बार पीड़ा और मौतें देखी हैं.” मंत्री ने कहा कि सरकार इस बार ऑक्सीजन की आपूर्ति, बिस्तर और दवाओं की उपलब्धता में कोई खामी नहीं छोड़ेगी.

उन्होंने कहा, ‘‘हम सभी जरूरी व्यवस्था करेंगे. हम सतर्क हैं और सभी जरूरी व्यवस्था हमारे मुख्यमंत्री के नेतृत्व में करेंगे.’’ उन्होंने कहा कि देश में पहले ही महामारी की तीसरी लहर की स्थिति उत्पन्न हो गई है और कर्नाटक में मामलों में वृद्धि गंभीर मुद्दा है.

इस बीच, कर्नाटक में पिछले 24 घंटे में कोविड-19 के 1,187 नए मामले सामने आए हैं और 275 मरीजों के संक्रमण मुक्त होने के बाद 10,292 मरीजों का उपचार चल रहा है. राज्य में अब तक 29,60,890 मरीजों का उपचार हो चुका है. राज्य में इस अवधि में छह मरीजों की मौत हुई. स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि बेंगलुरु अर्बन से संक्रमण के सबसे ज्यादा 923 मामले सामने आए हैं और तीन मरीजों की मौत हुई. राज्य में दैनिक संक्रमण दर 1.08 फीसदी और मृत्यु दर 0.5 फीसदी दर्ज की गई.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *