बिहार: सबसे अधिक मालदार ये मंत्री, नीतीश कुमार के इस सहयोगी के पास खूब है सोना-चांदी

पटना
बिहार में नीतीश सरकार के मंत्रियों ने अपनी संपत्ति के ब्योरे को सार्वजनिक कर दिया है। कैबिनेट विभाग द्वारा शुक्रवार की देर रात जारी किए गए विवरण के मुताबिक कई मंत्री हथियार के शौकीन हैं तो कई गहनों और महंगी गाड़‍ियों के हैं। अधिकतर मंत्रियों ने स्वयं को किसान बताया है और खेती लायक जमीन का ब्योरा भी दिया है। किसी मंत्री के पास नकदी कम हो गई है तो किसी के पास जेवर बढ़ गए हैं। यहां आपको विस्‍तार से जानकारी हासिल हो सकेगी। बिहार के मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार की संपत्ति का ब्‍यौरा भी सामने आ गया है। इसके मुताबिक नीतीश कुमार से अधिक धनवान उनके बेटे निशांत हैं। मुख्‍यमंत्री की संपत्ति में एक सिलाई मशीन भी शामिल है।

तारकिशोर की हाथ की नकदी कम हुई, जमीन की कीमत बढ़ गई
यह कैशलेस अर्थव्यवस्था का बढ़ता असर है या रुपये की किल्लत, वजह कुछ भी हो, सालभर के भीतर उप मुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद नकद के मामले में गरीब हो गए। पिछले साल के ब्योरे में उन्होंने 56 हजार नकदी का जिक्र किया था। वह अब घटकर सिर्फ 10 हजार रह गया है। गाडिय़ां भी चार की चार रह गई हैं-बोलेरो, इंडिगो, स्कार्पियो और इनोवा। एलआइसी की पालिसी तीन लाख की थी, वह अब भी है। सोना के जेवरात भी नहीं बढ़े हैं। खुद 50 ग्राम रखते हैं तो पत्नी के पास भी पिछले साल की तरह चार सौ ग्राम सोना पड़ा हुआ है। तारकिशोर प्रसाद वित्त मंत्री भी हैं। लेकिन, बैंक का लोन नहीं है। जमीन की कीमत दो करोड़ से अधिक की हो गई है। ज्यादा हिस्सा पैतृक है। खेती के अलावा व्यवसायिक प्लाट भी उनके नाम से है। सब कटिहार में है।

रेणु देवी के पास आधा किलो सोना, दो किलो चांदी
उपमुख्यमंत्री रेणु देवी सोने-चांदी की शौकीन हैं। उनके पास 510 ग्राम सोना जबकि एक किलो 950 ग्राम वजन के चांदी के आभूषण हैं। इसके अलावा उनके पास पिस्टल और राइफल भी है। उनके बैंक खाते में साढ़े चार लाख जमा हैं, जबकि चार अलग-अलग बैंक खातों में 13 लाख रुपये से अधिक जमा है। उन्होंने तीन लाख 80 हजार रुपये कर्ज दिया है, जबकि खुद भी बैंक से 5 लाख 22 हजार का ऋ ण लिया हुआ है। उनके पास एक स्कॉर्पियो गाड़ी है। डिप्टी सीएम के पास बेतिया में एक एकड़ और फुलवारीशरीफ के मोहम्मदपुर कुर्जी में 8.90 डिसमिल कृषि भूमि है। इसके अलावा रानी पकड़ी में 32 डिसमिल और 15 डिसमिल गैर कृषि भूमि है। कोलकाता में 1800 वर्ग फीट के मकान में उनके पति की हिस्सेदारी है।

साढ़े छह बीघा जमीन के मालिक हैं विजय चौधरी
शिक्षा मंत्री विजय कुमार चौधरी के पास गांव में कृषि योग्य छह बीघा 12 कट्ठा जमीन है। आठ लाख 55 हजार 703 रुपये उनकी वार्षिक आमदनी है। आय का मुख्य स्रोत वेतन और बैंक में जमा राशि पर मिलने वाला ब्याज है। पत्नी को हाउस रेंट और बैंक में जमा पैसे से ब्याज के रूप में आमदनी होती है, जिनकी कुल संपत्ति 35 लाख 19 हजार 502 रुपये है। विधानसभा स्थित एसबीआइ में 28 लाख 82 हजार रुपये जमा है। जबकि नकद के रूप में उनके पास महज पांच हजार रुपये है। वहीं पत्नी के पास एक लाख रुपये कैश है और उनके नाम पर बैंक में तकरीब 20 लाख रुपये जमा है। एक आल्टो कार और पटना में एक फ्लैट है।

रामसूरत की आमदनी साल भर में तीन लाख बढ़ी
राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री रामसूरत कुमार की आमदनी सालभर में सिर्फ तीन लाख बढ़ी है। पिछले साल उनके बैंक खाता में साढ़े सात लाख रुपया जमा था। वह 10 लाख 50 हजार हो गया है। पत्नी के बैंक खाते में साल भर पहले चार लाख 30 हजार रुपया था। यह बढ़कर सात लाख 25 हजार रुपया हो गया है। ट्रैक्टर, बस, ट्रक, इनोवा और मोटर साइकिल पहले की तरह एक-एक है। सोना पहले की तरह साढ़े नौ लाख रुपये के मूल्य का है। एक राइफल और पिस्टल का जिक्र इन्होंने पिछले साल किया था। आज भी वही है। रामसूरत राय पर बैंक का करीब 22 लाख रुपये का कर्ज है। पत्नी सुभद्रा देवी के नाम से करीब 11 लाख रुपये का कर्ज है।

रामप्रीत की पत्नी के खाते में कम हो गए दो हजार
लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण मंत्री डा रामप्रीत पासवान के पास पिछले साल के 22 हजार की जगह अब 96 हजार कैश है। उनके बैंक खाता में 52 हजार और पत्नी के खाते में 2 लाख 33 हजार जमा है। करीब सात लाख रुपये के डिपोजिट भी है। एक जीप और एक कार है। पत्नी के पास एक लाख रुपये का सोना है। गांव में जमीन एक एकड़ है। मधुबनी में अपने और पत्नी के नाम से 80 लाख रुपये की जमीन है, जिस पर पहले ही निर्माण हो चुका है। मंत्री बनने के बाद जमीन का रकबा नहीं बढ़ा है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *