भिवानी: खनन क्षेत्र में खिसका पहाड़, तीन की मौत, कई लोग दबे

भिवानी
भिवानी के डाडम में पहाड़ का बड़ा हिस्सा ढहने से तीन की मौत हो गई और दो की हालत गंभीर है। घायलों को हिसार के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। कुछ और लोगों के भी पहाड़ के नीचे दबे होने की आंशका जताई जा रही है। पहाड़ ढहने से चार माइनिंग मशीन भी नीचे दब गई। बचाव कार्य में यहां काम करने वाले, स्थानीय लोगों के अलावा अन्य लोग भी लगे हैं। यह घटना सुबह की बताई जा रही है। पहाड़ के दरकते ही आस पास हड़कंप मच गया। बचाव कार्य में लोग जुट गए। विभाग या सरकार की तरफ से तीन घंटे बाद तक सहायता के लिए कोई स्पेशल टीम नहीं पहुंची थी। मृतकों में दो के शव भिवानी आने की बात कही जा रही है पर अभी तक भिवानी के सरकारी अस्पताल में कोई शव नहीं पहुंचा है।

डाडम की पहाड़ी के आस पास जंगल का इलाका, बचाव कार्य में जुटी टीमें
डाडम का पहाड़ सुबह अचानक ढह गया। इसके चलते यहां काम करने वालों में कई लोग नीचे दब गए। अभी तक यह स्पष्ट जानकारी नहीं है कि कितने लोग पहाड़ के नीचे दबे हैं। जानकारी के अनुसार पहाड़ के नीचे चार माइनिंग मशीन पोकलेन, दो ड्रिल और डंपर भी दबे होने की सूचना है।

कृषि मंत्री भी मौके पर पहुंचे
घटना की सूचना मिलने के बाद कृषि मंत्री जेपी दलाल भी घटनास्थल पर पहुंचे और मौके का जायजा लिया। इसके अलावा नागरिक अस्पताल तोशाम से डाक्टरों की टीम भी मौके पर मौजूद है। वन विभाग की टीम भी मौके पर मौजूद है। माइनिंग विभाग के अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचे है।

मलबा हटाने के बाद ही होगी पुष्टि
एसएचओ सुनिल जाखड़ ने बताया कि वे अपनी टीम के साथ सूचना मिलते ही मौके पर पहुंच गए थे। राहत और बचाव का कार्य जारी है, घटनास्थल से मलबा हटाया जा रहा है। मलबे के नीचे कितने लोग दबे हैं इस बात की पुष्टि नहीं हो पाई है। मलबा हटने के बाद ही पूरा पता चल पाएगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *