सख्ती के चलते रात 11 बजे के बाद नव वर्ष के जश्न पर ब्रेक, नहीं हुआ धूम-धड़ाका…

भोपाल। राजधानी में न्यू ईयर के जश्न पर पुलिस और प्रशासन ने कड़ाई से पहरा बैठाया। शासन की कोरोना गाइडलाइन का पालन पूरी तरह से कराया गया। पुलिस ने जगह-जगह वाहनों की चेकिंग की। रात 11 बजे के बाद पुलिस ने नाइट कर्फ्यू का सख्ती से पालन कराया। इसके लिए पुलिस ने शाम को ही सड़कों पर बैरिकेडिंग कर दी थी।। 11 बजे के बाद सड़कें सूनी होने लगी थीं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि संक्रमण के साथ हुड़दंगियों और शराबियों को रोकना पुलिस की पहली प्राथमिकता में था। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए शहर भर में दो हजार पुलिसकर्मी और अधिकारी तैनात किए गए थे।

साफ निर्देश थे कि अगर कोई शराब पीकर वाहन चलाता मिला तो उसे हिरासत में लिया जाए। ऐसे में ज्यादातर लोगों ने घर में ही रहते हुए अपनों के साथ नव-वर्ष का स्वागत किया। शुक्रवार शाम छह बजे से विशेष चेकिंग एवं पेट्रोलिंग शुरू कर दी गई थी। करीब 150 प्रमुख मार्गों और स्थानों पर विशेष टीमें तैनात थीं। इसमें 40 स्थानों पर ब्रीथ एनालाइजर से शराब पीकर वाहन चलाने वालों की जांच की गई। इसमें जुमार्ने के साथ ही गाड़ी जब्त करने की कार्रवाई भी की गई। शहर के बाहर आउटर में पुलिस की चेकिंग लगी थी। खासकर तौर पर आउटर नाकों पर संदिग्धों की सघनता से चेकिंग में डेढ़ सौ करीब वाहनों को पुलिस ने जब्त किया। थाना प्रभारियों अपने क्षेत्र के होटल और रेस्टारेंट पर निगरानी रखी गई। डीजे-बैंड संचालकों से पुलिस कोविड गाइडलाइन का सख्ती से पालन कराया गया। साढ़े दस बजे के बाद पुलिस ने होटल, रेस्टोरेंट को बंद करा दिया था। नए साल के कार्यक्रम जिन होटलों में थे, उन्हें रात 11 बजे तक बंद करा दिया गया था। सभी होटल-रेस्त्रां, बार, पब संचालकों को कोविड प्रोटोकाल का पालन करवाया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *