नए साल पर इन 12 जिलों के ट्रैफिक का जायजा लेंगे आईजी, एसपी कार्यालय में होगी समीक्षा बैठक, इनपर भी होगी चर्चा
भागलपुर
विभिन्न शहरों में ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त किया जायेगा। नये साल में शहरों में ट्रैफिक का जायजा लेने ट्रैफिक आईजी खुद निकलेंगे। अगले सप्ताह से आईजी एमआर नायक भागलपुर के अलावा पूर्णिया, कटिहार, बेगूसराय, मुंगेर, नालंदा, पटना, भोजपुर, सारण, मुजफ्फरपुर, गया, और पटना का ट्रैफिक एसपी कार्यालय में बैठक कर इसकी समीक्षा करेंगे।
ट्रैफिक आईजी जिन 12 शहरों में समीक्षा बैठक करने पहुंचेंगे, वहां सात बिंदुओं पर मुख्य रूप से चर्चा होनी है। उन महत्वपूर्ण बिंदुओं में सड़क दुर्घटनाएं, उसमें होने वाली मौत, दुर्घटनाओं के कारण, शहर या जिले में चिन्हित ब्लैक स्पॉट, ट्रैफिक थाने में मैनपावर, उपकरणों का इस्तेमाल और उसकी कमी आदि शामिल होंगे।
इन बिंदुओं पर संबंधित जिले के ट्रैफिक डीएसपी या अन्य पदाधिकारी को रिपोर्ट तैयार कर रखने को कहा गया है। इस दौरान यह भी देखा जायेगा कि सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण हेतु पुलिस या अन्य विभाग द्वारा क्या उपाय किये गये हैं। गौरतलब है कि सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण के लिए पुलिस के अलावा परिवहन विभाग और रोड कंस्ट्रक्शन विभाग को मिलकर काम करने को कहा गया है।
