देवरिया में हादसा: सड़क के किनारे झोपड़ी में घुसा तेज रफ्तार ट्रक, दो की मौत

देवरिया  
उत्‍तर प्रदेश के देवरिया से बड़ी सड़क दुर्घटना की खबर है। सुबह साढ़े नौ बजे के करीब वहां एक तेज रफ्तार ट्रक अचानक बेकाबू होकर सड़क किनारे बनी झोपड़ी में घुस गया। झोपड़ी में मौजूद दो लोगों की ट्रक के नीचे आकर दर्दनाक मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को अस्‍पताल में भर्ती कराया गया है। यह हादसा इतनी तेजी से हुआ कि किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला। मौके पर राहत और बचाव का काम जारी है।

मिली जानकारी के अनुसार ट्रक देवरिया से कसया जा रहा था। प्रत्‍यक्षदर्शियों ने बताया कि देवरिया के सदर कोतवाली क्षेत्र के रघवापुर स्थित रिलायंस पेट्रोल पंप के पास ट्रक अचानक बेकाबू हो गया। देखते ही देखते ट्रक सड़क किनारे बनी एक झोपड़ी में घुस गया। बताया जा रहा है कि ट्रक के नीचे आकर दो लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। जबकि तीन अन्‍य लोग बुरी तरह घायल हैं। घायलों को नजदीकी अस्‍पताल पहुंचाया गया जहां से डॉक्‍टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद उन्‍हें गोरखपुर स्थित हॉयर सेंटर के लिए रेफर कर दिया। दुर्घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने क्रेन मंगाकर ट्रक को किनारे कराया। मौके पर राहत का काम जारी है।
 
सीओ श्रेयश त्रिपाठी ने बताया कि हादसे में घायल लोगों के समुचित इलाज की व्‍यवस्‍था की गई है। गौरतलब है कि कल रात से ही पूर्वी उत्‍तर प्रदेश के कई जिलों में बारिश हो रही है। बारिश की वजह से झोपड़ी में रहने वाले आज सुबह काम पर बाहर नहीं जा सके थे। वे वहीं बैठकर बारिश रुकने का इंतजार कर रहे थे। तभी अचानक बेकाबू हुआ ट्रक उनकी झोपड़ी में घुस आया। लोगों को संभलने का भी मौका नहीं मिला। उनमें से दो को मौत ने अपने आगोश में ले लिया जबकि तीन अन्‍य की स्थिति गंभीर बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *