मध्यप्रदेश की राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाएँ समय-सीमा में पूरी होगी – उपाध्याय

भोपाल
अध्यक्ष भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण अलका उपाध्याय ने कहा है कि मध्यप्रदेश में राष्ट्रीय राजमार्ग के अंतर्गत संचालित सभी परियोजना को समय-सीमा में पूर्ण किया जाएगा। उपाध्याय ने आज मंत्रालय में नेशनल हाई-वे की प्रदेश में कार्य प्रगति समीक्षा बैठक में यह बात कही।

अध्यक्ष प्राधिकरण उपाध्याय ने कहा कि मध्यप्रदेश देश के मध्य में स्थित होने से यहाँ से राष्ट्रीय राजमार्ग की महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाएँ गुजरती हैं।  उन्होंने कहा कि प्रदेश में 8858 किलोमीटर राष्ट्रीय राजमार्ग हैं।  वर्तमान में 10 हजार 250 करोड़ रुपए की लागत से 59 परियोजनाओं का कार्य प्रगति पर है। इनकी कुल लंबाई 1997 किलोमीटर में से 1721 किलोमीटर का कार्य पूर्ण कर लिया गया है और शेष कार्य प्रगति पर हैं।

श्रीमती उपाध्याय ने कहा कि सड़क पर योजनाओं को शीघ्रता से पूरा करने के लिए आवश्यक है कि राज्य सरकार द्वारा भू-अर्जन तथा फॉरेस्ट की एनओसी जारी कराने के काम को तेजी से किया जाए। उन्होंने अटल प्रोग्रेस-वे तथा नर्मदा एक्सप्रेस-वे के कार्यों की प्रगति की  समीक्षा भी की।  उन्होंने कहा कि यह दोनों परियोजनाएँ प्रदेश के विकास में क्रांतिकारी कदम होंगी।

प्रमुख सचिव लोक निर्माण नीरज मंडलोई ने कहा कि राज्य  सरकार द्वारा भू-अर्जन काम को तेजी से किया जा रहा है। निर्धारित समय-सीमा में सरकार परियोजनाओं के लिए भूमि उपलब्ध कराएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *