अंबाला-दिल्ली हाईवे पर 3 टूरिस्ट बसों की जोरदार भिड़ंत, 5 सवारियों की मौत

अंबाला
हरियाणा के अंबाला-दिल्ली राजमार्ग पर हीलिंग टच अस्पताल के पास सोमवार सुबह तीन पर्यटक बसों की हुई जोरदार टक्कर में पांच लोगों की मौत हो गई और 10 अन्य घायल हो गए हैं। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर घटना की जांच शुरू कर दी है। पुलिस से मिली जानकारी अनुसार, कटरा से दिल्ली जा रही तीन पर्यटक डीलक्स बसें आज तड़के आपस में टकरा गईं। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से बड़ी मशक्कत के बाद बसों के अंदर फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के समय सभी यात्री बसों में सो रहे थे। आगे वाली बस अचानक रुकने से पीछे से आ रही दोनों बसें आपस में टकरा गईं। हालांकि, तीनों बसें हाईवे पर किनारे चल रही थीं, इसलिए बड़े हादसे के बाद भी हाईवे पर यातायात जारी रहा।

फिलहाल, पुलिस ने सभी पांचों सवारियों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मृतकों और घायलों की शिनाख्त की कोशिश कर रही है।  एएसआई नरेश ने बताया कि हरियाणा के अंबाला-दिल्ली हाईवे पर हीलिंग टच अस्पताल के पास आज तड़के हुई बस दुर्घटना में पांच लोगों की मौत हो गई और आठ घायल हो गए। बस दिल्ली की ओर जा रही थी, तभी पीछे से एक अन्य बस ने टक्कर मार दी। हमने मामला दर्ज कर लिया है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *