आयुष राज्य मंत्री कावरे ने जबलपुर में किया आयुर्वेदिक ओपीडी भवन का लोकार्पण

जबलपुर
आयुष राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रामकिशोर "नानो" कावरे ने कहा है कि चिकित्सक अपने आचरण और अनुशासन से मरीजों के दिलों में जगह बनाये। उन्होंने कहा कि भारतीय चिकित्सा पद्धति से गंभीर बीमारियों का भी बेहतर तरीके से इलाज किया जा सकता है। राज्य मंत्री कावरे जबलपुर में शनिवार को 2 करोड़ रूपये से अधिक लागत से निर्मित आयुर्वेदिक ओपीडी भवन के लोकार्पण समारोह को संबोधित कर रहे थे।

राज्य मंत्री कावरे ने उदघाटन के बाद विभिन्न वार्डों में जाकर इलाज करा रहे मरीजों से चर्चा की। राज्य मंत्री कावरे ने बैठक कर जबलपुर संभाग के आयुष अधिकारियों की बैठक में योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने जिला अधिकारियों को निर्देश दिये कि वे अपने क्षेत्र में हर्बल गार्डन विकसित करें और वेलनेस सेन्टर को सुचारू रूप से संचालित करें। समीक्षा बैठक में आयुर्वेदिक औषधालय भवनों के निर्माण उनकी मरम्मत, दवाइयों की उपलब्धता आदि की भी समीक्षा की गई।

निर्माणाधीन सिंचाई परियोजनाओं की समीक्षा
आयुष एवं जल संसाधन राज्य मंत्री रामकिशोर "नानो" कावरे ने जबलपुर संभाग में निर्माणाधीन सिंचाई परियोजनाओं की समीक्षा की। कावरे ने बैठक में मौजूद जल संसाधन विभाग के अधिकारियों से जिले के कुण्डम विकासखण्ड में निर्माणाधीन बदुआ एवं छीता खुदरी सिंचाई परियोजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि लगभग 302 करोड़ रूपये लागत की करीब 27 हजार हेक्टेयर भूमि की सिंचाई क्षमता वाली इन दोनों परियोजनाओं कार्य शीघ्र शुरू किया जायेगा। दोनों परियोजनाओं के सर्वे और डूब में आने वाले क्षेत्र के लोगों का पुनर्वास का कार्य किया जा चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *