1974.56 करोड़ रूपये की 726 ग्रामों की समूह जल प्रदाय योजना की डीपीआर तैयार
मुरैना
जिला विकास समन्वय एवं अनुश्रवण कमेटी (दिशा) की बैठक में यह भी बताया गया कि चंबल नदी सतह स्त्रोत आधारित 726 गांवों की समूह जल प्रदाय योजना की डीपीआर 1974.56 करोड़ रूपये की तैयार की गई है।
इसमें मुरैना जिले के सर्वाधिक 155 गांव, सबलगढ़ के 119, कैलारस के 105, जौरा के 103, पहाड़गढ़ के 100, पोरसा के 71 और अम्बाह के 73 गांव मिलाकर कुल 726 गांव की योजना जल निगम द्वारा तैयार की गई है।
बैठक में बताया गया कि जल निगम द्वारा जगह-जगह टंकिया बनाकर पाइपलाइन से टंकियों तक पानी पहुंचाया जायेगा। इस योजना की समीक्षा करते हुये केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि इस परियोजना की डीपीआर की जांच कर लें। चंबल से पानी के स्त्रोत आसानी से मिल जायें, यह भी देंखे। परियोजना का क्षेत्र वाइल्ड लाइफ से तो नहीं जुड़ा है। इसकी स्वीकृति लेने में समय लगेगा।
केन्द्रीय मंत्री तोमर ने सुझाव दिया कि इस योजना को दो भागों में विभाजित कर डीपीआर बनायें, जिसमें पहली योजना मुरैना से सबलगढ़ तक हो, इस योजना में चंबल का पानी लिया जा सकता है। दूसरी योजना में मुरैना से पोरसा की हो सकती है, इस योजना में क्वारी नदी से पानी लेने का विचार किया जा सकता है। टीटमेन्ट प्लांट बनाये जाये, ताकि इस योजना को पूरा किया जा सके।
