बिहार में अभी ओमीक्रोन के खिलाफ प्रतिबंधात्मक उपायों की जरूरत नहीं: नीतीश

पटना
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने देश में कोरोना वायरस के नए वेरिएंट ओमिक्रोन के बढ़ते मामलों के बीच राज्य में उत्तर प्रदेश की तरह रात के कर्फ्यू जैसे प्रतिबंधात्मक कदम उठाने की किसी भी संभावना से शनिवार को इनकार किया। उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ प्रशासन द्वारा रात के कर्फ्यू की शुरुआत के बारे में पूछे जाने पर सीएम नीतीश ने कहा कि यहाँ अभी कोई आवश्यकता नहीं है।

बिहार ने इसी तरह के उपायों को अपनाया था, जब कोविड-19 पहली बार 2020 में आया और फिर इस साल की शुरुआत में जब संक्रमण की दूसरी लहर ने तबाही मचाई। उत्तर प्रदेश के अलावा महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश जैसे राज्यों ने निषेधाज्ञा और रात के कर्फ्यू जैसे कदम उठाए हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से शनिवार को अद्यतन किए गए आंकड़ों के अनुसार, भारत में अब तक कम से कम ओमीक्रोन के 415 मामलों का पता चला है, जिनमें से 115 संक्रमित ठीक हो गए हैं।

बिहार में नए वेरिएंट का एक भी मामला सामने नहीं आया है, हालांकि स्वास्थ्य विभाग मानता है कि राज्य में जीनोम अनुक्रमण सुविधा के अभाव में इस संक्रमण का समय पर पता लगाने में कठिनाई आ सकती है। पटना एम्स के अधीक्षक चंद्रमणि सिंह ने कहा कि इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि कोई मरीज पुराने या नवीनतम स्वरूप से पीड़ित है या नहीं, क्योंकि दोनों का इलाज एक जैसा ही होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *